बॉलीवुड एक्ट्रेस सागरिका घटगे का आज जन्मदिन है और वो 34 साल की हो गईं हैं। सागरिका का जन्म महाराष्ट्र के कोल्हापुर में एक्टर विजयसिंह घाटगे (विजेंद्र घाटगे) के घर हुआ था, यहां वो 8 साल की उम्र तक रहीं और फिर राजस्थान के अजमेर शिफ्ट हो गईं जहां से उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई पूरी की।
सागरिका के बारे में कम लोग जानते हैं कि वो महाराष्ट्र के कागल के राजघराने से संबंध रखती हैं। सीता राजे घाटगे सागरिका की दादी हैं, जो इंदौर के महाराजा तुकोजीराव होलकर III की बेटी हैं।
सागरिका ने साल 2007 में फिल्म चक दे इंडिया से अपना एक्टिंग डेब्यू किया था जिसमें उन्होंने प्रीति सबरवाल का रोल निभाया था, जिसके बाद वो रीबॉक की ब्रैंड एंबेसेडर बनीं।
इसके बाद सागरिका मिले ना मिले हम और रश जैसी फिल्मों में नजर आईं। उन्होंने मराठी फिल्मों में भी काम किया।
साल 2015 में वो फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी 9 में भी नजर आईं जहां वो फाइनलिस्ट रहीं। सागरिका ने पंजाबी फिल्मों में भी डेब्यू किया और जस्सी गिल के साथ दिलदारियां में नजर आईं।
24 अप्रैल 2017 को सागरिका ने यह जानकारी दी कि उन्होंने क्रिकेटर जहीर खान से सगाई कर ली है। इसके बाद इसी साल नवंबर में दोनों शादी के बंधन बंध गए।
मालूम हो कि सागरिका सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं और अक्सर अपनी तस्वीरें शेयर करती रहती हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 1.5 मिलियन यानी करीब 15 लाख फॉलोअर्स हैं।