Mirzapur The Movie Song: बॉलीवुड एक्टर पंकज त्रिपाठी (Pankaj Tripathi) की फिल्म 'मिर्जापुर: द मूवी' (Mirzapur The Movie) का अच्छा खासा बज बना हुआ है। हाल ही में फिल्म 'मिर्जापुर: द मूवी' के ट्रेलर को लेकर अपडेट सामने आया था। बता दें कि इस फिल्म का ट्रेलर 11 अगस्त को रिलीज होगा। इस बीच फिल्म 'मिर्जापुर: द मूवी' का नया गाना 'दो नंबरी' (Do Numbari) रिलीज हो गया है, जो कि यूट्यूब पर धड़ल्ले से वायरल हो रहा है। इस गाने में धांधा न्योलीवाला ने गर्दा उड़ा दिया है। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-Vamshi Paidipally की मूवी के लिए Salman Khan ने कसी कमर, फैंस हुए एक्साइटेड)
फिल्म 'मिर्जापुर: द मूवी' का गाना रिलीज
फिल्म 'मिर्जापुर: द मूवी' की रिलीज से पहले मेकर्स ने इसका पहला गाना 'दो नंबरी' रिलीज कर दिया है। इस गाने को हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री के लोकप्रिय सिंगर धांधा न्योलीवाला ने लिखा, कंपोज और गाया है। इसी गाने के साथ उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा है। खास बात यह है कि यह एक्सेल एंटरटेनमेंट के नए म्यूजिक लेबल एक्सेल म्यूजिक के तहत रिलीज होने वाला पहला गाना भी है। करीब 2 मिनट 57 सेकंड लंबे इस गाने में धांधा न्योलीवाला दमदार अंदाज में नजर आते हैं। वीडियो में वह हाथ में बंदूक लिए दिखाई देते हैं, जबकि चारों ओर जबरदस्त एक्शन और अफरा-तफरी का माहौल दिखाया गया है। गाने में गुड्डू भैया (अली फजल) और मुन्ना भैया (दिव्येंदु शर्मा) के बीच की दुश्मनी और एक्शन की झलक देखने को मिलती है। वहीं कलीन भैया (पंकज त्रिपाठी) की दमदार मौजूदगी भी गाने को और खास बनाती है।
इस गाने में श्वेता त्रिपाठी, रवि किशन, जितेंद्र कुमार, श्रिया पिलगांवकर और अभिषेक बनर्जी समेत कई कलाकार भी नजर आते हैं। गाने के आखिर में धांधा न्योलीवाला एक ढेर सारी लाशों के ऊपर बैठे दिखाई देते हैं, जो वीडियो को और ज्यादा दमदार बनाता है। धांधा न्योलीवाला हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री का बड़ा नाम हैं। उनके कई गाने सुपरहिट रहे हैं और सोशल मीडिया पर उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग है। अब वह 'मिर्जापुर: द मूवी' के जरिए बॉलीवुड में अपनी नई शुरुआत कर रहे हैं। फिल्म 'मिर्जापुर: द मूवी' दर्शकों को एक बार फिर गुड्डू पंडित, मुन्ना भैया और कलीन भैया की दुनिया में ले जाएगी। फिल्म में अली फजल, पंकज त्रिपाठी, दिव्येंदु शर्मा, जितेंद्र कुमार, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, श्रिया पिलगांवकर, श्वेता त्रिपाठी सहित कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
