'OMG 3' confirmed: साल 2023 में अक्षय कुमार की फिल्म 'ओएमजी 2' (OMG 2) रिलीज हुई थी। अमित राय के निर्देशन में बनी इस मूवी में अक्षय कुमार ने भगवान शिव की भूमिका निभाई थी, जो उनके फैन्स को काफी पसंद भी आई थी। 'ओएमजी 2' साल 2012 में आई सुपरहिट फिल्म 'ओ माय गॉड' का सीक्वल थी। फिल्म में पंकज त्रिपाठी और यामी गौतम सहित कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। 'ओएमजी 2' की सफलता के बाद अब डायरेक्टर अमित राय ने कन्फर्म कर दिया है कि वो 'ओएमजी 3' (OMG 3) बनाने जा रहे हैं। अक्षय कुमार की वापसी पर भी अमित राय ने चुप्पी तोड़ दी है।
हाल ही में न्यूज एजेंसी से बात करते हुए अमित राय ने 'ओएमजी 3' की पुष्टि कर दी है। उन्होंने कहा, 'इस मूवी की अगली किस्त जल्द ही आएगी लेकिन जो आपने देखी थी यह उससे बड़ी होने वाली है।' अक्षय कुमार की वापसी पर अमित राय ने कहा कि वो फिल्म का हिस्सा होंगे। वो फिल्म के निर्माता है और इस पर काम चल रहा है। यह साल 2026 में रिलीज हो सकती है।
साल 2012 में आई फिल्म 'ओह माय गॉड' में अक्षय कुमार ने भगवान कृष्ण की भूमिका निभाई थी। इस मूवी में परेश रावल अहम रोल में नजर आये थे। दोनों ही फिल्मों को पसंद करने के बाद अब दर्शक भी इसके तीसरे पार्ट को बड़े परदे पर देखने के लिए बेताब हैं। हालांकि तीसरे पार्ट में अक्षय कुमार का किरदार क्या होगा? इस बात का खुलासा अभी तक नहीं हुआ है। वर्कफ्रंट की बात करें तो अक्षय कुमार को आखिरी बार कॉमेडी फिल्म 'हाउसफुल 5' में देखा गया था।
