Ramlila drops Poonam Pandey for Mandodari role: एक्ट्रेस और मॉडल पूनम पांडे इन दिनों चर्चा में बनी हुई हैं। हाल ही में पूनम पांडे को लेकर ये खबर सामने आई थी कि वो लव कुश रामलीला में मंदोदरी का रोल निभाएंगी। इस खबर के सामने आने के बाद से ही सोशल मीडिया पर हलचल बढ़ गई थी। वहीं विश्व हिंदू परिषद और संतों ने इस बात का काफी विरोध किया था। अब विवाद के बाद कमेटी ने बड़ा फैसला लिया है। पूनम पांडे से अब ये रोल छिन लिया गया है। आइए जानते है इस रिपोर्ट में...
पूनम पांडे को लगा झटका
बीजेपी के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर और विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्रीय प्रमुख सुरेंद्र जैन ने रामलीला समिति को पत्र लिखकर कहा कि पूनम पांडे के विवादित अतीत को देखते हुए, उन्हें यह रोल देना सही नहीं है इससे लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचा सकता है। वहीं लव कुश रामलीला समिति के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने मीडिया से बातचीत में बताया कि हिंदू समुदाय के लोगों के विरोध की वजह से हमने मंदोदरी का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस को बदलने का फैसला किया है। उन्होंने बताया कि पूनम पांडे को इस बदलाव के बारे में बता दिया गया है।
चर्चा में रहती हैं पूनम पांडे
एक्ट्रेस पूनम पांडे सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और अक्सर अपने फैंस के साथ तस्वीरें और वीडियोज शेयर करती रहती हैं। पूनम पांडे का हर एक पोस्ट वायरल हो जाता है। पूनम अपने बोल्ड लुक और ड्रेसिंग की वजह से चर्चा में रहती हैं। कई लोगों को उनका ये अंदाज बिल्कुल पसंद नहीं आता है। पूनम ने 2020 में सैम बॉम्बे से शादी की, लेकिन शादी के कुछ ही हफ्तों बाद उन्होंने सैम पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया और तलाक ले लिया। पूनम पांडे ने लॉकअप समेत कई रियलिटी शोज में हिस्सा लिया है।
