Lakshya Lalwani in Rowdy Rathore 2: साल 2012 में अक्षय कुमार की फिल्म 'राउडी राठौड़' रिलीज हुई थी। महज 60 करोड़ रुपये में बनी इस मूवी ने बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया था। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ सोनाक्षी सिन्हा अहम रोल में दिखाई दी थीं और यह प्रभुदेवा के निर्देशन में बनी थी। 'राउडी राठौड़' की अपार सफलता के बाद से मेकर्स इस मूवी के दूसरे पार्ट को बनाने की प्लानिंग कर रहे थे। अब जो रिपोर्ट्स सामने आई हैं उनके मुताबिक 'राउडी राठौड़ 2' (Rowdy Rathore 2) से अक्षय कुमार (Akshay Kumar) का पत्ता साफ हो गया है। इस मूवी उनकी जगह अब यंग एक्टर ने ले ली है।
'राउडी राठौड़ 2' में हुई लक्ष्य लालवानी की एंट्री
ऑलवेज बॉलीवुड द्वारा किए गए ट्वीट के मुताबिक संजय लीला भंसाली ने 'राउडी राठौड़ 2' के लिए लक्ष्य लालवानी को फाइनल किया है। वह दोहरी भूमिका में नजर आएंगे। तमिल निर्देशक पी.एस.मिथ्रन पहले से ही इस प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं। लक्ष्य के फैन्स को यह खबर मिलते ही उनके बीच खुशी की लहर दौड़ गई है। वहीं दूसरी ओर अक्षय कुमार को इस मूवी से बाहर किए जाने पर उनके फैन्स निराश हैं। अब लक्ष्य लालवानी को 'राउडी राठौड़ 2' (Rowdy Rathore 2) में देखने के लिए फैन्स भी बेताब हैं।
वर्कफ्रंट की बात करें तो लक्ष्य को कुछ दिनों पहले नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई फिल्म 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' में देखा गया है। इस मूवी में बॉबी देओल, राघव जुयाल और मोना सिंह सहित कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। यह आर्यन खान के निर्देशन में बनी पहली सीरीज थी। इस मूवी की सफलता के बाद अब लक्ष्य को जल्द ही फिल्म 'दोस्ताना 2' में देखा जाएगा। इस मूवी में लक्ष्य के साथ विक्रांत मेस्सी नजर भी अहम रोल में नजर आएंगे।
