Kabhi Khushi Kabhie Gham 2: करण जौहर के निर्देशन में बनी फिल्म कभी खुशी कभी गम साल 2001 में बड़े पर्दे पर रिलीज हुई थी। इस फिल्म में शाहरुख खान, अमिताभ बच्चन, जया बच्चन, काजोल समेत कई बड़े स्टार्स नजर आए थे। इस फिल्म को लोगों ने दिल खोलकर प्यार दिया था। बॉक्स ऑफिस पर करण जौहर के निर्देशन में बनी फिल्म कभी खुशी कभी गम ने मोटी कमाई की थी। इस बीच फिल्म के सीक्वल को लेकर एक नई रिपोर्ट सामने आई है। नई जानकारी के मुताबिक, करण जौहर अपनी इस हिट मूवी का सीक्वल बनाने वाले है। आइए नजर डालते है इस खास रिपोर्ट पर...
करण जौहर बनाएंगे 'कभी खुशी कभी गम 2'?
करण जौहर जल्द ही डायरेक्टर की कुर्सी पर वापसी करने वाले हैं। इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का ये कहना है कि उनकी फिल्म की कहानी 2001 की सुपरहिट 'कभी खुशी कभी गम' जैसी होगी। हालांकि अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक करण ने हाल ही में अपनी अगली फिल्म की स्क्रिप्ट फाइनल कर ली है और मिड-2026 तक प्री-प्रोडक्शन शुरू करने की योजना है। शूटिंग लेट 2026 में हो सकती है। एक सूत्र ने पोर्टल को बताया, 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' से रोमांटिक फैमिली कॉमेडी में सफलता मिलने के बाद करण अब फैमिली ड्रामा स्पेस में वापस आ रहे हैं। खबर है कि यह उनकी अब तक की सबसे बड़ी स्केल वाली फिल्म होगी और नए साल की शुरुआत में उन्होंने स्क्रिप्ट लॉक कर दी है।' रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म में दो लीड हीरो और दो हीरोइन होंगे और जल्द ही कास्टिंग की बातचीत शुरू हो सकती है। अभी कोई आधिकारिक कास्ट अनाउंसमेंट नहीं हुई है। अभी इस मूवी को लोग 'कभी खुशी कभी गम 2' बता रहे हैं।
करण जौहर की मूवी ने मचाया था तहलका
बताते चलें कि करण जौहर ने जब-जब बतौर डायरेक्टर वापसी की है तब-तब बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा है। उनके निर्देशन में बनी फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी को लोगों ने खूब प्यार दिया था। फिल्म में आलिया भट्ट और रणवीर सिंह लीड रोल में थे। दोनों ने अपनी एक्टिंग से सभी का दिल जीत लिया और मूवी सुपरहिट साबित हो गई। अब फैंस करण जौहर की अपकमिंग मूवी का इंतजार कर रहे हैं।
