Hai Jawani Toh Ishq Hona Release Date: वरुण धवन ने जब-जब अपने पिता डेविड धवन के साथ हाथ मिलाया है, दर्शकों की चांदी हो गई है। इन दोनों ने मिलकर जुड़वा 2, मैं तेरा हीरो और कुली नं.1 जैसी फिल्मों से दर्शकों का खूब एंटरटेनमेंट किया है। वरुण धवन ने कुछ वक्त पहले ही पिता डेविड धवन के साथ है जवानी तो इश्क होना है के लिए हाथ मिलाया था, जिसकी शूटिंग पूरी हो चुकी है और इन दिनों इस फिल्म का पोस्ट प्रोडक्शन वर्क चल रहा है। मेकर्स ने कुछ वक्त पहले एक पोस्टर के जरिए ये ऐलान किया था कि वो है जवानी तो इश्क होना है को 10 अप्रैल 2026 के दिन सिनेमाघरों में रिलीज करेंगे लेकिन अब उन्होंने इसकी रिलीज डेट बदलने का मन बनाया है।
है जवानी तो इश्क होना है के मेकर्स ने फिल्म का नया पोस्टर जारी करते हुए बताया है कि अब उनकी मूवी 10 अप्रैल 2026 की जगह 5 जून 2026 के दिन सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म के मेकर्स ने नया पोस्टर जारी करते हुए लिखा है, "ड्रामा भी होना है, कॉमेडी भी... क्योंकि है जवानी तो इश्क होना है। हमारी फिल्म 5 जून 2026 के दिन सिनेमाघरों में रिलीज होगी।"
क्या पापा डेविड धवन करा पाएंगे वरुण धवन की वापसी
वरुण धवन एक वक्त हिट पर हिट फिल्में देने के लिए जाने जाते थे लेकिन पिछले कुछ समय से उनकी मूवीज दर्शकों को पसंद नहीं आ रही हैं। दर्शक लगातार वरुण धवन की फिल्मों को किनारे रख रहे हैं, जिस कारण उनका करियर थोड़ा डामाडोल चल रहा है। वरुण धवन की आखिरी रिलीज रॉम-कॉम सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी भी बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पायी थी, जिसे धर्मा प्रोडक्शन के अंतर्गत बनाया गया था। ट्रेड पंडितों का मानना है कि डेविड धवन की है जवानी तो इश्क होना है वरुण धवन के करियर को पटरी पर लाने का काम करेगी और उन्हें फिर से हिट का स्वाद चखाएगी।
