बॉलीवुड

फिल्मफेयर अवॉर्ड्स 2025: तो इसलिए 'द टाइम्स ग्रुप' के MD विनीत जैन ने इवेंट के लिए चुना गुजरात, CM भूपेंद्र पटेल का भी किया शुक्रिया

Filmfare Awards 2025: फिल्मीजगत के प्रतिष्ठित पुरस्कारों में से एक फिल्मफेयर का 70वां संस्करण एक बार फिर से गुजरात में आयोजित होने वाला है। आयोजन के लिए द टाइम्स ग्रुप ने गुजरात सरकार से आधिकारिक तौर से हाथ भी मिलाया। वहीं हाल ही में 'द टाइम्स ग्रुप' के मैनेजिंग डायरेक्टर विनीत जैन ने बताया कि उन्होंने गुजरात को ही क्यों चुना।

Image

फोटो क्रेडिट- टाइम्स नाउ

The Times Group Managing Director Vineet Jain On 70th Filmfare: भारतीय सिनेमा जगत का सबसे पुराना व प्रतिष्ठित फिल्म पुरस्कार फिल्मफेयर अवॉर्ड्स अपने 70वें संस्करण के साथ वापसी के लिए तैयार है। बीते साल की तरह इस साल भी फिल्मफेयर अवॉर्ड्स के 70वें संस्करण का आयोजन गुजरात में होने वाला है। आयोजन के लिए द टाइम्स ग्रुप ने गुजरात सरकार के साथ आधिकारिक रूप से हाथ भी मिलाया है। फिल्मफेयर के 70वें संस्करण के आयोजन के सिलसिले में प्रेस कॉन्फ्रेंस रखी गई थी, जिसमें फिल्मी जगत के जाने-माने चेहरों के साथ-साथ गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी शामिल हुए। वहीं अब द टाइम्स ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर ने टाइम्स नाउ संग बातचीत के दौरान इस बात से पर्दा उठाया कि उन्होंने 70वें फिल्मफेयर पुरस्कार (70th Filmfare Awards) के लिए आखिर गुजरात को ही क्यों चुना है।

द टाइम्स ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर विनीत जैन (Vineet Jain) ने बताया कि 70वें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स (70th Filmfare Awards) से गुजरात को जोड़ना इसके पर्यटन व अन्य चीजों को किस तरह प्रभावि करेगा। विनीत जैन ने इस बारे में कहा, "फिल्मफेयर केवल सिनेमा का जश्न मनाने के बारे में ही नहीं है, बल्कि ये सिनेमा, संगीत और सांस्कृतिक चीजों के अनुभवों को एक साथ लाने का भी इवेंट है। ये केवल एक दिन सिनेमा की उपलब्धियों को मनाने के बारे में नहीं है, बल्कि हम पूरे साल इसका जश्न मनाते हैं। मुझे लगता है कि गुजरात के दर्शन से फिल्मफेयर का दृष्टिकोण जोड़ने पर हमें राज्य में सिनेमा, टैलेंट और पर्यटन को बढ़ावा देने में मदद मिलती है। और हम गुजरात के मुख्यमंत्री के शुक्रगुजार हैं कि उन्होंने एक बार फिर हमारा स्वागत किया।"

द टाइम्स ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर विनीत जैन (Vineet Jain) यहीं नहीं रुके। उन्होंने इस बारे में बात करते हुए आगे कहा, "मीडिया प्रभाव से जुड़ा है। हम विकास और पर्यटन के उत्प्रेरक हैं। हम हर साल 200 या 300 से ज्यादा समारोह करते हैं। तो जब हम फिल्मफेयर जैसे इतने बड़े इवेंट को किसी राज्य में लाते हैं, जिसमें म्यूजिक, मनोरंजन, संस्कृति और पर्यटन शामिल होता है तो इससे राज्य में ज्यादा से ज्यादा निवेश आने में मदद मिलती है।" विनीत जैन ने बताया कि उन्होंने फिल्मफेयर अवॉर्ड्स के 70वें संस्करण के लिए गुजरात को ही क्यों चुना?

मैनेजिंग डायरेक्टर विनीत जैन (Vineet Jain) ने इस बारे में कहा, "पहली बात तो गुजरात में बड़ी मात्रा में सांस्कृतिक विरासत और हैरिटेज है। गुजरात की संस्कृति को प्रदर्शित करते हुए फिल्मफेयर में स्टोरीटेलिंग के जरिए हम चीजों को एक साथ लाते हैं। हम सरकार के बहुत शुक्रगुजार हैं, मुख्यमंत्री और उनकी टीम का नजरिया इतना फॉरवर्ड लुकिंग है। इससे गुजरात को प्रदर्शित करने में मदद मिलेगी।"

ashna malik
आशना मलिकauthor

आशना मलिक पिछले छह वर्षों से एंटरटेनमेंट पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने बॉलीवुड और टीवी सितारों के कई इंटरव्यू किए हैं और इस क्षेत्र में अपनी पकड़ बनाई है। आशना को कॉपी राइटिंग, फीचर लेखन और वीडियो कंटेंट निर्माण का अनुभव है, जिससे वे बहुआयामी और आकर्षक स्टोरीज तैयार करती हैं। 7,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुकीं आशना की खासियत है ट्रेंडिंग एंटरटेनमेंट खबरों को सटीक, स्पष्ट और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करना। आशना की स्टोरीटेलिंग में नवीनतम ट्रेंड्स की समझ, विषय की गहराई और दर्शकों से जुड़ने की क्षमता साफ झलकती है।

और पढ़ें
End of Article