बॉलीवुड

Exclusive: एक्ट्रेसेस संग पुराने विवादों पर खुलकर बोले Bobby Deol, भाई सनी देओल को लेकर कही ये बात

  • Authored by: अभय
  • Updated Jun 20, 2026, 08:01 AM IST

Bobby Deol Zoom Interview: एक्टर बॉबी देओल ने Zoom को दिए इंटरव्यू में अपनी पर्सनल लाइफ से लेकर फिल्मों तक को लेकर बात की। इस दौरान एक्टर ने कई पुराने विवादों पर भी चुप्पी तोड़ी।

Image

बॉबी देओल ने किए कई बड़े खुलासे (Image Source: Zoom Youtube)

Bobby Deol Zoom Interview: बॉलीवुड के सुपरस्टार बॉबी देओल (Bobby Deol) इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म अल्फा (Alpha) को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। बॉबी देओल की इस फिल्म को लेकर एक के बाद अपडेट सामने आ रहे हैं। अभी हाल रही में फिल्म अल्फा का धांसू ट्रेलर रिलीज हुआ था, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया था। फिल्म अल्फा की रिलीज से पहले अब बॉबी देओल का एक नया इंटरव्यू सामने आया है। Zoom को दिए इस इंटरव्यू में बॉबी देओल अपनी फिल्मों के साथ-साथ पर्सनल लाइफ को लेकर भी बात करते हुए नजर आए। तो चलिए जानते हैं बॉबी देओल ने इस दौरान क्या बोला है।

लाइफ के बुरे दौर पर कही ये बात

बॉबी देओल ने अपने मुश्किल दौर को याद करते हुए कहा, 'जिंदगी में ऐसे हालात आते रहते हैं, जिनके लिए कोई पहले से तैयार नहीं होता। वक्त मुश्किल रहा, लेकिन मैं आज भी खुद को पॉजिटिव महसूस करता हूं। मुझे आज भी पापा का प्यार और उनकी मौजूदगी महसूस होती है।' उन्होंने आगे कहा, 'पेरेंट्स को खोना किसी के लिए भी आसान नहीं होता। जिसने भी अपने पेरेंट्स को खोया है, वो इस दर्द को समझ सकता है। इससे बाहर निकलने का कोई तय तरीका नहीं होता, हर इंसान अपना रास्ता खुद ढूंढता है। लेकिन मुझे लगता है कि मेरे पापा आज भी मेरे साथ हैं। वो मेरे आसपास हैं, मेरे अंदर हैं। अभी भी वो मुझे देख रहे हैं और मुझ पर गर्व कर रहे हैं।'

सनी देओल के पैपराजी पर गुस्सा होने पर ये बोले बॉबी देओल

सनी देओल के पैपराजी पर गुस्सा होने वाले मामले पर बॉबी ने कहा कि वह उस घटना को ज्यादा याद नहीं करना चाहते। उन्होंने कहा कि ऐसा सिर्फ उनके परिवार के साथ नहीं, बल्कि कई लोगों के साथ होता है। बॉबी देओल ने कहा, 'सिर्फ इसलिए कि हमारा परिवार मशहूर है, लोग ऐसी बातों पर ज्यादा ध्यान देते हैं। लेकिन कहीं भी किसी के साथ कुछ गलत होता है, तो लोग उसका वीडियो बनाने लगते हैं और सोशल मीडिया पर डाल देते हैं। कोई ये नहीं सोचता कि वो इंसान या उसका परिवार किस दर्द से गुजर रहा है। लोगों को ये समझना चाहिए।' इसके आगे रामायण में सनी देओल के हनुमान बनने पर बॉबी देओल ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, 'हर कोई रामायण को लेकर एक्साइटेड है। हम सभी बचपन से रामायण देखते और सुनते हुए बड़े हुए हैं। ऐसे में ये बहुत अच्छी बात है कि इतनी बड़ी फिल्म बनाई जा रही है, जिसे दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा।'

एक्ट्रेस संग विवाद पर भी तोड़ी चुप्पी

फिल्म अल्फा में बॉबी देओल और आलिया भट्ट ने साथ काम किया है। फिल्म की रिलीज से पहले दोनों के बीच अनबन की खबरें भी सामने आई थीं। इस पर बॉबी ने कहा, 'मेरे और आलिया के बीच किसी तरह की कोई परेशानी नहीं थी। लोग जो चाहें, लिख देते हैं। मैं ऐसी खबरों पर रिएक्ट नहीं करना चाहता। किसी ने मुझे भी कुछ बताया था और मैंने उस पर रिएक्शन दिया था।' बॉबी देओल ने इंटरव्यू में माना कि काम के दौरान उनका रानी मुखर्जी और प्रीति जिंटा से झगड़ा हुआ था। उन्होंने कहा, 'हां, रानी के साथ मेरी बहस हुई थी, लेकिन बाद में हम बहुत अच्छे दोस्त बन गए। प्रीति जिंटा के साथ भी मेरी बहस हुई थी और बाद में हम अच्छे दोस्त बन गए।' एक्टर ने आगे बताया कि उनका मनीषा कोइराला के साथ प्याज को लेकर विवाद हुआ था। फिल्म की शूटिंग दौरान एक सीन था जिसमें एक्ट्रेस बॉबी देओल की ठोड़ी पर काटने वाली थी। इसको लेकर बॉबी देओल ने कहा था उन्हें बोलो वो प्याज न खाए। बॉबी देओल ने बताया कि वो उस समय काफी छोटे थे। उनकी बात को गलत तरीके से पेश किया गया। उन्होंने बताया कि बाद में उन्होंने भी मजाक में एक सीन से पहले प्याज खा लिया था, लेकिन मनीषा को उससे कोई परेशानी नहीं हुई।

'बंदर' में जेंडर बायस के आरोपों पर बॉबी देओल का रिएक्शन

बॉबी देओल ने कहा कि उनकी फिल्म बंदर महिलाओं के खिलाफ नहीं है। उनके मुताबिक फिल्म का किरदार समर एक ऐसा इंसान है जिसमें कई कमियां हैं। उन्होंने कहा, 'कोई भी इंसान परफेक्ट नहीं होता। कभी आपको लगता है कि आप अच्छे हैं और कभी लगता है कि आप गलत हैं। इंसान में कमियां होती हैं। लेकिन सिर्फ आरोप लग जाने से कोई अपराधी नहीं बन जाता। कई बार इंसान हालात में फंस जाता है।' फिल्म में समर की एक्स गर्लफ्रेंड गायत्री उस पर रेप का आरोप लगाती है। इस पर बॉबी ने कहा, 'ये बात नहीं है कि महिलाएं बेहतर हैं या पुरुष। असली बात यह है कि कानून का सही इस्तेमाल होना चाहिए। कई बार लोग उसका गलत फायदा भी उठा लेते हैं। फिल्म का मकसद महिलाओं को नीचा दिखाना या पुरुषों को बेहतर साबित करना नहीं है।'

'बंदर' का किरदार निभाना क्यों था मुश्किल?

बॉबी देओल ने कहा, "मेरे लिए यह किरदार निभाना काफी मुश्किल था। एनिमल और आश्रम जैसे किरदार भी आसान नहीं थे। लेकिन मुझे ऐसे रोल करना पसंद है क्योंकि असल जिंदगी में मैं ऐसा नहीं हूं। एक कलाकार के तौर पर अलग-अलग तरह के किरदार निभाने का मजा ही अलग होता है।'

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article