बॉलीवुड

'Don 3' विवाद में आया नया मोड़, Ranveer Singh के पिता करेंगे IMPPA से बातचीत

Don 3 Row: फिल्म 'डॉन 3' को लेकर चले आ रहे विवाद के चलते अब रणवीर सिंह ने इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन से बात करने का फैसला किया है। देखते हैं इस विवाद में क्या नया मोड़ आता है।

Image

'डॉन 3' को लेकर चल रहे विवाद में आया नया मोड़ (Pic Credit: Instagram)

Don 3 Row: बॉलीवुड की चर्चित फिल्म ‘डॉन 3’ (Don 3) को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। इस मूवी से रणवीर सिंह काफी पहले बाहर हो गए हैं। रणवीर सिंह के फिल्म से बाहर होने के बाद पिछले कई महीनों से अभिनेता की टीम और फिल्म निर्माता फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी के बीच मतभेद की खबरें सामने आती रही हैं। अब इस मामले में रणवीर सिंह के पिता जगजीत सिंह भवनानी की एंट्री हो गई है। रणवीर सिंह ने पिता ने चीजें सुलझाने के लिए अब इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (IMPPA) से बात करने का फैसला लिया है। (टाइम्स नाउ नवभारत पर इसे भी पढ़ें: ‘Toxic’ vs ‘Dhurandhar 2’: यश ने बताई रिलीज डेट बदलने की असली वजह, बोले- '200 करोड़ का नुकसान...')

IMPPA के पास पहुंचा मामला

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी ने करीब एक महीने पहले इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (IMPPA) से इस विवाद पर नजर डालने की अपील की। निर्माताओं ने संस्था के सामने फिल्म से जुड़े दस्तावेज और दोनों पक्षों के बीच हुआ समझौता पेश किया। IMPPA के अध्यक्ष अभय सिन्हा ने बताया कि निर्माताओं ने रणवीर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए संस्था से मामले में दखल देने की मांग की थी। इसके बाद IMPPA ने रणवीर की टीम से भी जवाब मांगा।

रणवीर की टीम ने उठाया था ये कदम

शुरुआत में रणवीर के वकील की ओर से कहा गया था कि यह मामला IMPPA के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। इसलिए अभिनेता की तरफ से संस्था की कार्यवाही में शामिल होने से इनकार किया गया था। हालांकि अब स्थिति बदल गई है। रिपोर्ट के अनुसार, रणवीर के पिता जगजीत सिंह भवनानी ने IMPPA से संपर्क कर निर्माताओं के साथ बैठक करने की इच्छा जताई है। संस्था को रणवीर सिंह के वकील ने मैसेज भी दिया था, जिसमें बैठक के लिए तैयार होने की बात कही गई है। (टाइम्स नाउ नवभारत पर इसे भी पढ़ें: Captain India: इरफान खान की हीरोइन संग दिखेंगे Kartik Aaryan, सितम्बर 2026 से शुरू होगी जोड़ी)

दोनों पक्षों की बात सुनेगा IMPPA

IMPPA अब इस मामले में रणवीर के पक्ष को भी सुनना चाहता है। निर्माताओं ने कथित तौर पर संस्था को बताया है कि रणवीर के फिल्म छोड़ने से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने फिल्म का साइन किया हुआ कॉन्ट्रैक्ट और शूट किए जा चुके प्रमोशनल वीडियो से जुड़ी जानकारी भी पेश की है। बताया जा रहा है कि रणवीर ने फिल्म का हिस्सा बनने को लेकर पहले उत्साह भी जाहिर किया था। हालांकि रणवीर सिंह ने यह मूवी क्यों छोड़ी, यह जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है। IMPPA अब रणवीर के पिता या उनके प्रतिनिधि से बातचीत के बाद ही आगे की कार्रवाई पर फैसला करेगा।

कैसे शुरू हुआ Don 3 विवाद?

रणवीर सिंह के ‘Don 3’ से बाहर होने का विवाद इस साल अप्रैल में सामने आया था, जब फरहान और रितेश ने इस मामले को IFTDA के सामने उठाया। इसके बाद मई में FWICE ने रणवीर के खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन नोटिस जारी किया था। हालांकि करीब आठ दिन बाद IMPPA ने इस मामले में दखल दिया और यह निर्देश वापस ले लिया गया। संस्था का मानना था कि किसी भी अंतिम फैसले से पहले सभी पक्षों को अपनी बात रखने का मौका मिलना चाहिए।

क्या है पूरा मामला?

शाहरुख खान की ‘Don’ और ‘Don 2’ के बाद 2023 में रणवीर सिंह को इस फ्रेंचाइजी के नए चेहरे के तौर पर घोषित किया गया था। फिल्म पर लंबे समय से काम चल रहा था, लेकिन दिसंबर 2025 में रणवीर और मेकर्स के बीच मतभेद की खबरें सामने आने लगीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रणवीर फिल्म से बाहर निकलना चाहते थे और उनके अचानक हटने से निर्माताओं को आर्थिक नुकसान हुआ। निर्माताओं की ओर से करीब 45 करोड़ रुपये के नुकसान का दावा भी किया गया है।

अब रणवीर के पिता के IMPPA से बातचीत के लिए आगे आने के बाद उम्मीद है कि ‘Don 3’ विवाद को बातचीत के जरिए सुलझाने की कोशिश की जाएगी। हालांकि, अंतिम फैसला दोनों पक्षों की बैठक के बाद ही सामने आएगा।

Lalit Kumar
ललित कुमार author

ललित कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में बतौर राइटर जुड़े हैं। पत्रकारिता में डिप्लोमा करने के बाद ललित ने एंटरटेनमेंट बीट में अपना करियर शुरू किया और बॉलीवुड, टीवी, वेब सीरीज और सेलेब्रिटी लाइफ से जुड़ी खबरों की गहरी समझ विकसित की। मीडिया में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले ललित एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के ट्रेंड्स, ब्रेकिंग अपडेट्स, फिल्म/वेब सीरीज कवरेज को यूजर-फ्रेंडली अंदाज में पेश करने में माहिर हैं और अबतक 13,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article