Border 2 Song Update: सनी देओल( Sunny Deol) की मोस्ट अवेटेड मूवी बॉर्डर 2 का धांसू टीजर रिलीज हो गया है। देशभक्ति के जुनून से भरा हुआ ये टीजर फैंस को काफी पसंद आ रहा है। बॉर्डर 2( Border 2) की पूरी टीम सनी देओल-वरुण धवन और अहान शेट्टी ने मुंबई में टीजर को लॉन्च किया। टीजर देखने के बाद फैंस के मन में एक ही सवाल घूम रहा है, वो यह कि क्या बॉर्डर 2 में "संदेशे आते हैं" गाना शामिल होगा। इसका जवाब खुद निर्माता भूषण कुमार( Bhushan Kumar) ने दिया है। टीजर लॉन्च इवेंट के दौरान भूषण कुमार ने बताया कि वह फिल्म में कौन-कौन से गाने शामिल कर रहे हैं।
जब उनसे इस मशहूर गाने "संदेशे आते हैं" को फिल्म में शामिल करने के बारे में सवाल किया गया, तो कुमार ने कहा कि गाने की आत्मा को बिल्कुल वैसा ही रखा गया है, बस उसे आज के ज़माने के हिसाब से नया अंदाज दिया गया है। उन्होंने बताया, “हमने गाने को ओरिजिनल के बहुत करीब रखा है। इस बार इसमें दूसरे सिंगर्स की आवाज भी जोड़ी गई है।” कुमार ने यह भी कहा कि इस पसंदीदा गाने का असली भाव कहीं खोया नहीं है।
इस दिन लॉन्च किया जाएगा बॉर्डर 2 का गाना
इसके साथ ही उन्होंने गाने की रिलीज को लेकर जानकारी दी। भूषण कुमार( Bhushan Kumar) ने बताया कि यह गाना 2 जनवरी को लोंगेवाला में भारतीय सशस्त्र बलों के साथ लॉन्च किया जाएगा। उन्होंने कहा, “यह गाना हमारे लिए बहुत खास है। हमने कोशिश की है कि इसका ओरिजिनल फील बना रहे, बस इसमें आज की धुन का टच दिया गया है।”
कब रिलीज होगी बॉर्डर 2
अनुराग सिंह निर्देशित फिल्म बॉर्डर 2 में देशभक्ति की भावना को जिंदा रखते हुए बॉर्डर की फ्रैंचाइज़ी को आगे बढ़ाया गया है। फिल्म को 23 जनवरी 2026 को रिलीज किया जा रहा है, इसे खास गणतंत्र दिवस के मौके के आस पास रिलीज करने का प्लान किया गया है। आज फिल्म का टीजर रिलीज हुआ जिसे फैंस का बेहतरीन रिस्पॉन्स मिल रहा है।
