बॉलीवुड

Baatein Dil Se: 'धर्म की वजह से नहीं हुआ भेदभाव' इम्तियाज अली ने किया खुलासा, नसीरुद्दीन शाह को लेकर कही ये बात

  • Authored by: अभय
  • Updated Jun 13, 2026, 08:34 AM IST

Imtiaz Ali Baatein Dil Se: डायरेक्टर इम्तियाज अली ने अभी हाल ही में टाइम्स ग्रुप की एडिटर-इन-चीफ नाविका कुमार के साथ शो 'बातें दिल से' में खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कई मुद्दों पर अपनी बात रखी।

Image

इम्तियाज अली ने कई मुद्दों पर रखी अपनी राय (Image Source: IMDb/ Times Now)

Imtiaz Ali Baatein Dil Se: बॉलीवुड के जाने-माने डायरेक्टर इम्तियाज अली (Imtiaz Ali) इन दिनों अपनी हाल ही में रिलीज हुई फिल्म मैं वापस आऊंगा (Main Vaapas Aaunga) को लेकर चर्चा में बने हुए। फिल्म मैं वापस आऊंगा को लेकर एक के बाद एक अपडेट सामने आ रहे हैं। इन सब के बीच इम्तियाज अली ने टाइम्स ग्रुप की एडिटर-इन-चीफ नाविका कुमार (Navika Kumar) के शो 'बातें दिल से' में कई मुद्दों पर अपनी राय रखी है। इस दौरान इम्तियाज अली ने अपने धर्म को लेकर भी बात की। साथ ही साथ उन्होंने नसीरुद्दीन शाह से जुड़ा एक किस्सा भी बताया।

धर्म को लेकर कही ये बात

डायरेक्टर इम्तियाज अली ने अभी हाल ही में Times Now से बातचीत में कहा कि वो खुद को बहुत ज्यादा धार्मिक इंसान नहीं मानते। उन्होंने कहा कि वो फिल्में देखकर अपनी नैतिकता बनाते हैं और उन्हीं से सही-गलत की सीख लेते हैं। जब उनसे पूछा गया कि उनका नाम इम्तियाज अली होने की वजह से क्या उनके साथ कभी अलग व्यवहार किया गया, तो उन्होंने जवाब दिया, 'बिल्कुल नहीं। मैंने कभी किसी तरह का भेदभाव महसूस नहीं किया। मैं जो काम कर रहा हूं, वही इसका सबसे बड़ा सबूत है। अगर भेदभाव होता, तो मैं आगे नहीं बढ़ पाता।' इम्तियाज अली ने आगे कहा, 'सच कहूं तो मैं किसी समुदाय का प्रतिनिधि नहीं हूं, लेकिन मैं ये नहीं कह सकता कि मेरे खिलाफ कभी भेदभाव हुआ है। मुझे लगता है कि मैं यहां सिर्फ लोगों के प्यार की वजह से हूं। मैं ऐसा काम करता हूं जो पूरी तरह लोगों के बीच है। मैं खुद को पहले किसी धर्म और फिर इंसान के तौर पर नहीं देखता। हां, आस्था मेरे लिए जरूर मायने रखती है।'

नसीरुद्दीन शाह संग काम करने का एक्सपीरियंस

इस बातचीत के दौरान इम्तियाज अली ने नसीरुद्दीन शाह संग काम करने का अनुभव भी शेयर किया। इम्तियाज अली ने कहा कि 'नसीरुद्दीन शाह काफी बेबाक हैं और किसी तरह की रोक-टोक में यकीन नहीं रखते। कई बार यह बात बहुत ज्यादा भी हो जाती है। वो दिल में कुछ नहीं रखते और जो मन में आता है, कह देते हैं, खासकर हमारे सेट पर।' फिल्ममेकर ने बताया कि शूटिंग के दौरान उन्होंने नसीरुद्दीन शाह को काफी परेशान किया। उन्होंने एक भावुक सीन को याद करते हुए कहा कि नसीरुद्दीन शाह ने उस सीन में शानदार परफॉर्मेंस दी थी और पूरा सेट शांत हो गया था। लेकिन शॉट खत्म होने के बाद उन्होंने एक और टेक मांगा। इस पर नसीरुद्दीन शाह थोड़ा नाराज होकर बोले, 'एक और टेक चाहिए? क्या चाहिए यार? अब क्या?'

'दिल के साफ है'

इम्तियाज अली ने आगे कहा कि नसीरुद्दीन शाह दिल से बिल्कुल बच्चे जैसे हैं और उनका मन बहुत साफ है। कई बार वह ऐसी बातें कह देते हैं, जो सामने वाले को बुरी लग सकती हैं, लेकिन उनके मन में किसी के लिए कोई गलत भावना नहीं होती। इम्तियाज ने यह भी कहा कि सेट पर वो कभी किसी सीनियर एक्टर की तरह व्यवहार नहीं करते। वो अक्सर पूछते हैं कि उन्हें क्या करना है या कोई डायलॉग कैसे बोलना है। वो हर चीज को एक नए कलाकार की तरह बेहद आसान बनाकर देखते हैं।

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article