बॉलीवुड

Baatein Dil Se: इम्तियाज अली को कॉलेज में धर्म के कारण झेलनी पड़ी थी रैगिंग, ऐसा बीता था बचपन

  • Authored by: अभय
  • Updated Jun 11, 2026, 10:51 AM IST

Imtiaz Ali Baatein Dil Se: इम्तियाज अली ने Times Group की एडिटर इन चीफ नाविका कुमार के साथ बातचीत में अपने बचपन, कॉलेज के दिनों और फिल्मी सफर से जुड़े कई दिलचस्प किस्से शेयर किए।

Image

इम्तियाज अली ने बताए मजेदार किस्से (Image Source: Timesnow)

Imtiaz Ali Baatein Dil Se: मशहूर डायरेक्टर इम्तियाज अली (Imtiaz Ali) इन दिनों अपनी फिल्मों के साथ-साथ पर्सनल लाइफ को लेकर भी चर्चा में हैं। कभी इम्तियाज अली का कोई बयान वायरल हो जाता है, तो कभी किसी वीडियो से सोशल मीडिया पर हलचल मच जाती है। इन सब के बीच इम्तियाज अली का नया इंटरव्यू सामने आया है। इम्तियाज अली ने Times Group की एडिटर इन चीफ नाविका कुमार (Navika Kumar) के शो 'बातें दिल से' (Baatein Dil Se) में अपनी जिंदगी के अनछुए किस्से शेयर किए हैं। इम्तियाज ने स्कूल के दिनों से लेकर कॉलेज रैगिंग और अपनी फिल्म चमकीला (Chamkila) तक की बातें खुलकर बताईं।

बचपन को लेकर कही ये बात

बातचीत के दौरान इम्तियाज अली ने अपने बचपन के बारे में खुलकर बात की और बताया कि उनका झुकाव हमेशा से आर्ट की तरफ रहा है। उन्होंने कहा, 'मैं स्कूल में वही बच्चा था जो हमेशा नाटक और स्किट्स में हिस्सा लेता था। उन्होंने ये भी बताया कि नौवीं क्लास तक पहुंचते-पहुंचते वह खुद स्किट्स लिखने लगे थे। जमशेदपुर छोड़ने तक उन्हें नाटक बनाने और मंच पर काम करने का अच्छा एक्सपीरिएंस हो चुका था। निर्देशक ने बताया कि कॉलेज में वो टॉपर रहे, लेकिन स्कूल के दिनों में एक बार फेल भी हो चुके हैं। उन्होंने कहा, 'मैंने सब कुछ देखा है।'

कॉलेज में रैगिंग का करना पड़ा सामना

जब उनसे पूछा गया कि सार्वजनिक जीवन में धर्म की क्या भूमिका होती है, तो इम्तियाज ने अपने कॉलेज के दिनों का एक किस्सा सुनाया। उन्होंने अपनी पढ़ाई दिल्ली के मशहूर हिंदू कॉलेज से की थी। उन्होंने बताया कि कॉलेज में सीनियर्स ने उनकी रैगिंग की थी। उनसे पूछा गया कि अगर उनका नाम इम्तियाज अली है और वो मुस्लिम हैं, तो हिंदू कॉलेज में क्या कर रहे हैं? सीनियर्स ने उनसे एक माफीनामा लिखने को कहा, जिसमें ये लिखा जाए कि उन्हें कॉलेज से निकाल दिया जाना चाहिए। इम्तियाज ने कोई जवाब नहीं दिया क्योंकि सामने सीनियर्स थे। लेकिन उसी दौरान उन्होंने एक दिलचस्प चीज देखी। जब वो फर्श पर बैठकर वो चिट्ठी लिख रहे थे, तब उनकी नजर उस बेड के नीचे रखे एक ट्रंक पर गई, जिस पर बैठे सीनियर का नाम लिखा था। उस ट्रंक पर नाम था महबूब आलम।

क्यों बनाई 'अमर सिंह चमकीला'?

इम्तियाज अली ने ये भी बताया कि उन्होंने दिलजीत दोसांझ स्टारर अमर सिंह चमकीला बनाने का फैसला क्यों किया। उन्होंने कहा कि ढाबों पर बातचीत के दौरान कई लोगों ने उनसे कहा था कि पंजाब में कई मशहूर गायक हुए हैं, लेकिन चमकीला जैसी सक्सेस किसी को नहीं मिली। उन्होंने बताया कि एक शख्स खुद ये कहानी लेकर उनके पास आया था। उसका मानना था कि इम्तियाज पंजाब को बहुत अच्छे से दिखाते हैं और उन्हें संगीत की भी अच्छी समझ है। इम्तियाज ने कहा, 'ये कहानी खुद मेरे पास आ गई थी।'

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article