दो बच्चों के पिता हैं पूनम पांडे के पति सैम अहमद बॉम्बे, कई नामी एक्टर्स संग कर चुके हैं काम

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 24, 2020, 05:09 PM IST

पूनम पांडे ने हाल ही में अपने बॉयफ्रेंड सैम अहमद बॉम्बे से शादी की थी। लेकिन शादी के कुछ दिन बाद ही उन्होंने सैम पर छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप लगाया। जानें आखिर कौन हैं पूनम पांडे के पति सैम बॉम्बे।

दो बच्चों के पिता हैं पूनम पांडे के पति सैम अहमद बॉम्बे, कई नामी एक्टर्स संग कर चुके हैं काम
Photo Credit: Instagram

मॉडल और एक्ट्रेस पूनम पांडे ने इस महीने अपने बॉयफ्रेंड सैम अहमद बॉम्बे संग शादी कर ली थी, जिसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस को दी थी। कोव‍िड के बीच ये शादी लो प्रोफाइल थी। इसके बाद दोनों हनीमून के गोवा रवाना हो गए लेकिन तभी उन्हें लेकर हैरान करने वाली खबर आई कि पूनम ने अपने पति पर शोषण और मारपीट करने के आरोप लगाए।

पूनम पांडे की शिकायत पर सैम अहमद बॉम्बे को गिरफ्तार कर लिया गया लेकिन बाद में उन्हें जमानत मिल गई। इसके बाद पूनम ने कहा कि वो सैम के साथ अपने रिश्ते को खत्म कर देंगी। क्या आप जानते हैं कि आखिर सैम अहमद बॉम्बे कौन हैं? अगर नहीं तो हम आपको बताते हैं।

दुबई में पले- बढ़े हैं सैम अहमद बॉम्बे
सैम अहमद बॉम्बे ऐड- फिल्ममेकर है और कई नामी सितारों के साथ ऐड फिल्म में काम कर चुके हैं। सैम ने एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण, तमन्ना भाटिया और क्रिकेटर युवराज सिंह के साथ काम किया है। 36 साल के सैम का जन्म 27 जनवरी, 1984 को मुंबई में हुआ था जबकि वो दुबई में पले बढ़े और वहीं से अपनी पढ़ाई भी पूरी की।

पूनम पांडे से की है दूसरी शादी
पूनम पांडे सैम की दूसरी पत्नी हैं। पूनम से पहले उन्होंने मॉडल एली अहमद से शादी की थी और दोनों के दो बच्चे भी हैं। बेटा ट्रॉय बॉम्बे और बेटी टीया बॉम्बे।

क्‍या काम करते हैं सैम बॉम्‍बे
सैम ने 21 साल की उम्र में एडवरटाइजिंग और कम्‍युनिकेशन इंडस्ट्री में कदम रखा था। 28 साल की उम्र में वो दुबई की कंपनी Y&R के क्रिएटिव डायरेक्टर बने। जानकारी के मुताबिक साल 2017 में रिलीज हुई अक्षय कुमार की फिल्म किंग ऑफ द रिंग को सैम ने ही डायरेक्ट किया था। इसके अलावा वो कई म्यूजिक वीडियो भी डायरेक्ट कर चुके हैं जिसमें टाइगर श्रॉफ और दिशा पाटनी का गाना बेफिक्रा और उर्वशी रौतेला व विद्युत जामवाल का गाना गल बन गई शामिल हैं। सैम की अपनी प्रोडक्शन कंपनी बॉम्बे मैटिनी फिल्म्स है।

सैम और पूनम पिछले कुछ समय से एक दूसरे को डेट कर रहे थे। अब हाल ही में दोनों शादी के बंधन में बंधे थे और हनीमून के लिए जाते हुए एयरपोर्ट से उनकी तस्वीरें भी सामने आई थीं। हालांकि उन पर लगे आरोपों को लेकर अब तक खुद सैम का कोई बयान सामने नहीं आया है।

End of Article