सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड मामले में गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती ने की CBI जांच की मांग, ट्वीट कर कही ये बात

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 16, 2020, 03:18 PM IST

Rhea Chakraborty Demands CBI Investigation in Sushant Case: सुशांत सिंह राजपूत की गर्लफ्रेंड एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती ने गृह मंत्री अमित शाह को ट्वीट कर उनके सुसाइड मामले में सीबीआई जांच की मांग की है।

सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड मामले में गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती ने की CBI जांच की मांग, ट्वीट कर कही ये बात
Photo Credit: Instagram

बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने 14 जून को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उनके निधन के बाद से ही कई तरह के सवाल उठे और सोशल मीडिया पर उन्हें इंसाफ दिलाने को लेकर कई तरह की बहस छिड़ी। जहां एक तरफ कुछ लोगों का कहना है कि सुशांत बॉलीवुड में नेपोटिज्म का शिकार हुए तो वहीं दूसरी तरफ कुछ लोग उनकी गर्लफ्रेंड व एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती को भी इसका जिम्मेदार बता रहे हैं।

अब सुशांत सिंह राजपूत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती ने एक्टर के सुसाइड मामले में सीबीआई जांच की मांग की है। रिया ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर गृह मंत्री अमित शाह को टैग कर यह लिखा कि वो चाहती हैं कि सुशांत के सुसाइड मामले में सीबीआई जांच की जाए और यह पता लगाया जाए कि सुशांत पर ऐसा क्या दबाव था जो उन्होंने यह कदम उठाया।

रिया चक्रवर्ती ने किया ये ट्वीट

रिया ने सुशांत के मामले में सीबीआई जांच की मांग करते हुए ट्वीट किया और लिखा, 'अमित शाह जी, मैं सुशांत सिंह राजपूत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती, जो एक महीने पहले सुशांत के निधन के साथ खत्म हो गया। मुझे सरकार में पूरा यकीन है, मैं इस मामले में सीबीआई इंक्वायरी की मांग करती हूं।' इसके बाद दूसरे ट्वीट में रिया ने लिखा, 'मैं हाथ जोड़कर यह विनती करती हूं कि इस मामले में सीबीआई जांच करें। मैं केवल यह जानना चाहती हूं कि ऐसा क्या दबाव था जो सुशांत को यह कदम उठाना पड़ा।' 

मालूम हो कि सुशांत के सुसाइड करने के बाद यह जानकारी सामने आई थी कि वो पिछले कुछ समय से डिप्रेशन में थे। जानकारी के मुताबिक पिछले करीब 6 महीने में उनके हाथ से 7 फिल्में चली गई थीं, जिसके चलते वो काफी परेशान थे। सुशांत के पिता केके सिंह ने भई अपने बयान में यह बात कही थी कि सुशांत इंडस्ट्री में बन रहे हालातों से परेशान थे लेकिन इसके लिए कौन जिम्मेदार है वो नहीं जानते। 

रिलीज होगी सुशांत की फिल्म

सुशांत की फिल्म छिछोरी पिछले साल सितंबर में रिलीज हुई थी जिसे काफी पसंद किया गया था। अब उनकी आखिरी फिल्म दिल बेचारा 24 जुलाई को ऑनलाइन रिलीज होने वाली है जिसमें उनके साथ एक्ट्रेस संजना संघी नजर आएंगी। सुशांत की फिल्म के ट्रेलर और टाइटल सॉन्ग को काफी पसंद किया गया है और दर्शक बेसब्री से उनकी फिल्म रिलीज होने का इंतजार कर रहे हैं।

End of Article