Kanika Kapoor Corona controversy: कनिका कपूर विवाद पर बोलीं रवीना टंडन, कहा- लोगों को जागरूक होने की है जरूरत

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 22, 2020, 08:28 AM IST

Raveena Tandon on Kanika Kapoor Corona Controversy: सिंगर कनिका कपूर की उनके गैर जिम्मेदाराना बर्ताव को लेकर बहुत आलोचना की जा रही है। अब रवीना टंडन ने इस पर चुप्पी तोड़ी है।

Kanika Kapoor Corona controversy: कनिका कपूर विवाद पर बोलीं रवीना टंडन, कहा- लोगों को जागरूक होने की है जरूरत
Photo Credit: Instagram

कोरोना वायरस पूरी दुनिया में कहर बरपा रहा है। बॉलीवुड सेलेब भी इसकी चपेट में आ गए हैं। हाल ही में बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर को कोरोना वायरस होने की पुष्टि हुई। वे 9 मार्च को लंदन से लौटी थीं। इसके बाद वे लखनऊ और कानपुर गईं, जहां पार्टियों में शामिल हुई। इसके चलते कई लोगों के संक्रमित होने की जोखिम बनी हुई है। लोग कनिका के इस बर्ताव को 'गैर-जिम्मेदाराना' बताते हुए उनकी जबरदस्त आलोचना कर रहे हैं। हाल ही में बॉलीवुड एक्ट्रेस रवीन टंडन ने इस बात पर अपनी चुप्पी तोड़ी।

रवीना ने इस बारे में बॉम्बे टाइम्स से लाइव चैट में इस विवाद पर बात की। उन्होंने कहा कि बहुत अलग-अलग तरह की रिपोर्ट्स चल रही हैं, इसलिए कोई नहीं बता सकता कि उनकी (कनिका की) स्थिति क्या थी। लोगों ने उनकी जांच की या उन्होंने सही में बुखार को लेकर झूठ बोला था? दरअसल रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि लंदन से लौटने पर कनिका एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग से बचने के लिए वॉशरूम में छुप गईं थीं। वहीं कनिका का कहना था कि उनकी स्क्रीनिंग हुई थी और उस वक्त कोरोना  का कोई लक्षण नहीं मिला था। हालांकि अब उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई है।

रवीना ने लोगों के होली पार्टी करने पर भी अपने विचार रखे। उन्होंने बताया कि उनके परिवार ने इससे परहेज किया और यहां तक कि अपने माता-पिता को भी बाहर निकलने की सलाह नहीं दी क्योंकि वे जानते थे कि कोविड -19 वरिष्ठ नागरिकों को सबसे ज्यादा प्रभावित कर रहा है।

बकौल रवीना लोगों को जागरूक होने की जरूरत है। क्या कनिका को पता था या पता नहीं था? ये ऐसे सवाल हैं जिनका जवाब वे ही दे सकती हैं। लेकिन इस समय लोगों को जिम्मेदार होने की आवश्यकता है। आपको ये पता होना चाहिए कि भले ही आप युवा हैं और आपकी इम्यूनिटी मजबूत है, लेकिन आप इसे (कोरोना वायरस को) किसी ऐसे वरिष्ठ व्यक्ति को पास कर सकते हैं, जिसकी प्रतिरक्षा इतनी मजबूत नहीं है। भले ही वायरस का आप पर इतना असर न पड़े, लेकिन आप इसे किसी और को पास कर सकते हैं। इसलिए जिम्मेदार बनें।

रवीना ने कहा कि हम नागरिक हैं और ये यह समान रूप से हमारी जिम्मेदारी है। हम हमेशा सरकार को दोष नहीं दे सकते। यह आपकी नागरिक सेंस और कर्तव्य होना चाहिए।

End of Article