Kangana Ranaut on Brahmastra Box Office. ब्रह्मास्त्र फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफलता के झंडे गाड़ रही है। फिल्म ने तीन दिन में 120 करोड़ रुपए से अधिक का कलेक्शन कर लिया है। हालांकि, एक्ट्रेस कंगना रनौत फिल्म पर लगातार निशाना साध रही हैं। कंगना ने अपनी इंस्टा स्टोरी में लिखा था कि फिल्म के डायरेक्टर अयान मुखर्जी को जीनियस कहने वालों को जेल में डाल देना चाहिए। वहीं, अपने ताजा इंस्टाग्राम पोस्ट में कंगना रनौत ने कहा कि वह करण जौहर का इंटरव्यू लेना चाहती हैं और उनसे बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर सवाल पूछना चाहती हैं।
कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम पर एक लंबा नोट लिखा है। कंगना ने लिखा कि वह करण जौहर का इंटरव्यू लेना चाहती हैं। इस इंटरव्यू के जरिए वह जानना चाहती हैं कि वह ब्रह्मास्त्र का नेट कलेक्शन नहीं बल्कि ग्रॉस कलेक्शन क्यों शेयर कर रहे हैं। एक्ट्रेस के मुताबिक ब्रह्मास्त्र ने केवल 60 करोड़ रुपए नेट कलेक्शन किया है, इस पर भी उन्हें पूरी तरह से विश्वास नहीं है। कंगना ने सवाल उठाए हैं कैसे 650 करोड़ रुपए के बजट की फिल्म को अभी से हिट क्यों कहा जा रहा है।

हिट और फ्लॉप के लिए अलग-अलग मानदंड
कंगना रनौत ने करण जौहर पर निशाना साधते हुए कहा कि फिल्म को हिट या फ्लॉप घोषित करने के 'मूवी माफिया' और कॉमन के लिए क्या अलग-अलग मानदंड है। कंगना अपनी इंस्टा स्टोरी के आखिरी में लिखती हैं, 'आप जैसे विशेषाधिकार वाले लोगों के लिए अलग गणित हैं। वहीं, हम जैसे वंचितों के लिए अलग नियम है।' आपको बता दें कि कंगना ने इससे पहले अपने पोस्ट में लिखा था कि अयान मुखर्जी ने पांच साल में 14 डीओपी बदले। फिल्म की शूटिंग में 400 दिन से अधिक वक्त लगा था। इस दौरान 85 असिस्टेंट डायरेक्टर भी बदले। उन्होंने 600 करोड़ रुपए पर आग लगाई है।
ब्रह्मास्त्र के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात करें तो फिल्म ने पहले दिन 37 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। दूसरे दिन फिल्म ने 42 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था। रविवार को फिल्म ने 45 से 47 करोड़ रुपए के करीब कलेक्शन किया है।

