क्या अस्पताल में भर्ती हुए धर्मेंद्र? अफवाहों पर दिग्गज अभिनेता ने तोड़ी चुप्पी, कहा- मैं चुप हूं, बीमार नहीं 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 7, 2022, 07:53 AM IST

Dharmendra On His Hospitalization Rumours: पिछले कुछ समय से यह अफवाहें उड़ रही थीं कि बॉलीवुड इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र अस्पताल में भर्ती हो गए हैं। हाल ही में अभिनेता ने एक वीडियो शेयर कर लोगों से यह अपील की है कि वह इन अफवाहों पर विश्वास ना करें। 

क्या अस्पताल में भर्ती हुए धर्मेंद्र? अफवाहों पर दिग्गज अभिनेता ने तोड़ी चुप्पी, कहा- मैं चुप हूं, बीमार नहीं 
Photo Credit: Instagram

Dharmendra On His Hospitalization Rumours: बॉलीवुड इंडस्ट्री में आए दिन अभिनेता और अभिनेत्रियों को लेकर कई तरह की अफवाहें उड़ती रहती हैं। लेकिन कुछ अफवाहें ऐसी होती हैं जिन्हें सुनने के बाद फैंस डर जाते हैं और अपने फेवरिट सितारों के लिए चिंता करने लगते हैं। हाल ही में कुछ ऐसा ही हुआ जब बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के अस्पताल में भर्ती होने की अफवाहें उड़ने लगीं। यह कहा जा रहा था कि खराब तबीयत के चलते धर्मेंद्र को अस्पताल में भर्ती करना पड़ा है जिसकी वजह से उनके फैंस काफी परेशान हो गए थे। लेकिन हाल ही में धर्मेंद्र ने एक वीडियो साझा कर यह बता दिया है कि यह महज अफवाहें थीं। 

अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र ने एक वीडियो साझा करते हुए लोगों से अनुरोध किया है कि वह उनसे आधारित अफवाहों पर भरोसा ना करें। इस वीडियो में अभिनेता आया सावन झूम के फिल्म का एक गाना गाते हुए भी नजर आ रहे हैं। वीडियो में धर्मेंद्र ने यह कहा कि 'हेलो दोस्तों, पॉजिटिव रहो, पॉजिटिव सोचो, जिंदगी भी पॉजिटिव हो जाएगी। मैं चुप हूं बीमार नहीं। लेकिन, कुछ ना कुछ बात चलती रहती है, हवा उड़ती रहती है। वह था ना मेरा गाना। 'बुरा मत सुनो बुरा मत देखो बुरा मत कहो'। अपना ध्यान रखिए, एक दूसरे को प्यार कीजिए, एक दूसरे के लिए अच्छे रहिए। ठीक है? जिंदगी खूबसूरत हो जाएगी।' 

इस वीडियो में धर्मेंद्र ने मरून रंग का शर्ट और ब्लू पैंट पहना है। इसके साथ उन्होंने अपने सिर पर एक हैट भी पहन रखा है। यह वीडियो साझा करते हुए धर्मेंद्र ने कैप्शन दिया 'दोस्तों, आप सबके लिए प्यार के साथ।' जैसे ही धर्मेंद्र ने यह वीडियो साझा किया वैसे ही उनके फैंस ने रिएक्ट करना शुरू कर दिया। लोगों ने उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए दुआएं मांगी और शुभकामनाएं दीं। अपने फेवरेट सितारे को स्वस्थ देखकर फैंस की चिंता भी अब दूर हो गई है।

End of Article