फाइटर के लिए मार्शल आर्ट्स सीखेंगे ऋतिक रोशन- दीपिका पादुकोण, जानिए कब से शुरू होगी फिल्म की शूटिंग

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 14, 2022, 12:40 PM IST

Hrithik Roshan, Deepika Padukone film Fighter: दीपिका पादुकोण और ऋतिक रोशन की फिल्म फाइटर साल 2023 में रिलीज होगी। इससे पहले दोनों फिल्म के लिए मार्शल आर्ट्स की ट्रेनिंग लेने जा रहे हैं।

फाइटर के लिए मार्शल आर्ट्स सीखेंगे ऋतिक रोशन- दीपिका पादुकोण, जानिए कब से शुरू होगी फिल्म की शूटिंग

Fighter Movie: ऋतिक रोशन और दीपिका पादुकोण पहली बार एक साथ फिल्म फाइटर में काम करने जा रहे हैं। फाइटर में दोनों ही एक्शन अवतार में नजर आने वाले हैं। इसके लिए ऋतिक और दीपिका खास तैयारी कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक फाइटर के लिए ऋतिक और दीपिका दोनों ही मार्शल आर्ट्स की ट्रेनिंग लेने वाले हैं। 

फाइटर (Fighter Movie) को फिल्म वॉर के डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद डायरेक्ट कर रहे हैं। ऐसे में ऋतिक रोशन (Hrithik Roshan) के पास आराम करने का बेहद कम वक्त है। मिड डे की रिपोर्ट के मुताबिक ऋतिक रोशन एक्शन मोड में आने के लिए कड़ी ट्रेनिंग लेंगे। इस दौरान वह अपना वजन कम करेंगे। जुलाई से एक्टर पूरी तरह से फिल्म की तैयारी में जुट जाएंगे। वहीं, फिल्म के राइटर स्क्रिप्ट का फाइनल ड्राफ्ट तैयार कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मसल मास घटाने के साथ-साथ ऋतिक रोशन मार्शल आर्ट्स की कई विधा सीखने वाले हैं।

दीपिका पादुकोण का दिखेगा एक्शन अवतार 
फिल्म में ऋतिक रोशन के अलावा दीपिका पादुकोण (Deepika Padukone) का भी एक्शन अवतार देखने को मिलेगा। दीपिका पादुकोण जुलाई से अपने को-स्टार के साथ ट्रेनिंग सेशन में जुड़ जाएंगी। दीपिका फिलहाल अपने बचे हुए प्रोजेक्ट्स की शूटिंग कर रही हैं। फाइटर भारत की पहली एक्शन फिल्म होगी, जिसकी ज्यादातर शूटिंग आसमान में ही होगी। इसके लिए दोनों लीड एक्टर को काफी फिटनेस की जरूरत होगी। गौरतलब है कि ये ऋतिक रोशन और सिद्धार्थ आनंद की एक साथ तीसरी फिल्म होगी। इससे पहले दोनों फिल्म बैंग-बैंग और वॉर में साथ काम कर चुके हैं।

वर्कफ्रंट की बात करें तो ऋतिक रोशन इसके अलावा फिल्म विक्रम वेधा में भी नजर आएंगे। हाल ही में ऋतिक रोशन ने फिल्म की शूटिंग खत्म की है। वहीं, दीपिका पादुकोण फिल्म पठान में नजर आएंगी। पठान को भी सिद्धार्थ आनंद डायरेक्ट कर रहे हैं। वहीं, दीपिका पादुकोण प्रभास के साथ भी एक फिल्म में काम करेंगी।
 

End of Article