आज होगा बप्पी लहरी का अंतिम संस्कार, अमेरिका से परिवार संग मुंबई लौटा बेटा बप्पा लहरी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 17, 2022, 06:54 AM IST

Bappi Lahiri Son Bappa Lahiri Returns From US: दिवंगत सिंगर बप्पी लहरी का मंगलवार रात को निधन हो गया, जिसके बाद उनके बेटे बप्पा लहरी परिवार संग भारत लौट आए हैं। आज सुबह बप्पी लहरी का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

आज होगा बप्पी लहरी का अंतिम संस्कार, अमेरिका से परिवार संग मुंबई लौटा बेटा बप्पा लहरी
Photo Credit: Instagram

Bappi Lahiri Funeral, Bappi Lahiri Last Rites: मशहूर बॉलीवुड सिंगर बप्पी लहरी का मंगलवार रात को निधन हो गया। उन्होंने 69 की उम्र में मुंबई के क्रिटीकेयर अस्पताल में अंतिम सांस ली, जहां पिछले कुछ समय से उनका इलाज चल रहा था। सिंगर के निधन के बाद उनके परिवार ने आधिकारिक बयान जारी कर यह बताया था कि उनका अंतिम संस्कार 17 फरवरी, 2022 को उनके बेटे बप्पा लहरी के अमेरिका से लौटने के बाद होगा।

आज होगा अंतिम संस्कार

अब बप्पा लहरी अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होने अपने परिवार संग मुंबई लौट आए हैं। बप्पी लहरी के अंतिम दर्शन सुबह करीब नौ बजे किए जाएंगे। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार सुबह 10 बजे विले पार्ले शमशान घाट में किया जाएगा।

परिवार ने जारी किया था ये बयान

मालूम हो कि बप्पी लहरी के निधन पर परिवार द्वारा जारी किए गए आधिकारिक बयान में कहा गया था, 'हमारे लिए ये बेहद दुख की घड़ी है। उनका अंतिम संस्कार (Bappi Lahiri funeral) बेटे बप्पा के अमेरिका से आने के बाद कल (17 फरवरी) दोपहर तक किया जाएगा। हम आपके प्यार और दिवंगत आत्मा के लिए प्रार्थन की अपेशा करते हैं। हम आपको इस बारे में लगातार अपडेट देते रहेंगे। मिसेज लहरी, मिस्टर गोबिंद बंसल, बप्पा लहरी, रीमा लहरी।' आपको बता दें कि बप्पी दा पिछले काफी वक्त से ऑब्स्ट्रक्टिव स्लीप एपनिया (OSA) से पीड़ित थे। इसके साथ ही उन्हें फेफड़ों में दिक्कत हो रही थी। उनके गले में भी इंफेक्शन था।

हार्ट अटैक के बाद निधन

बप्पी लहरी के दामाद गोबिंद बंसल ने सिंगर के निधन के बारे में बात करते हुए बताया था, 'वो करीब तीन हफ्ते से अस्पताल में भर्ती थे लेकिन बाद में उन्हें छुट्टी दे दी गई और वो घर वापस आ गए। उन्होंने मंगलवार रात करीब 8:30-9 बजे खाना खाना भी खाया। लेकिन डिनर करने के आधे घंटे के भीतर उन्हें दिल का दौरा पड़ा। उनका पल्स रेट कम हो गया था। उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां रात 11:44 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।'

End of Article