Alia on Operation Sindoor: भारतीय सेना ने पहलगाम आतंकी हमले का मुंहतोड़ जवाब देते हुए पाकिस्तान की कमर तोड़ दी है। बीते कुछ दिनों में पाकिस्तान का जो हश्र हुआ है, उसे देखने के बाद पूरा विश्व समझ गया है कि भारत आतंकवाद का जवाब अब बात से नहीं बल्कि जवाबी कार्यवाही से देगा। इस वक्त पूरा देश भारतीय सेना की तारीफ कर रहा है और उनके साहस को सलाम कर रहा है। अदाकारा आलिया भट्ट ने भी इंस्टाग्राम के जरिए भारतीय सेनाओं की वीरता को प्रणाम किया है। आलिया भट्ट ने ऑपरेशन सिंदूर के लिए अपनी जान दांव पर लगाने वाले भारतीय सैनिकों की मांओं को भी सलाम किया है।
अदाकारा आलिया भट्ट ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा है, 'पिछली कुछ रातें अलग रही हैं। जब देश की सांसें रुकी हुई थीं, तब हवाओं में भी एक तरह की खामोशी थी। पिछले कुछ दिनों में हम सभी ने देश की गति को रुकते हुए देखा है। ये किसी एंग्जाइटी से कम नहीं थी। जब भी देश में कोई चर्चा हो रही थी, न्यूज का नोटिफिकेशन आ रहा था तब दिल की धड़कनें बढ़ जाती थीं। हम सभी ये भार महससू कर रहे थे कि कहीं पहाड़ों में हमारे सैनिक खतरे का सामना कर रहे हैं।'
आलिया भट्ट ने अपने पोस्ट में आगे लिखा है, 'जब हम सभी अपने-अपने घरों में आराम से बैठे थे तब हमारे देश के पुरुष और महिलाएं सीमा पर पहरा दे रहे थे और अपनी जान को हथेली पर लेकर चल रहे थे। सीमा पर जो भी यूनिफॉर्म सुरक्षा में खड़ी थी, उसके पीछे एक मां थी, जो घर पर नहीं सो रही थी। उस मां को पता था कि उसका बच्चा खतरे का सामना कर रहा है। हमने हाल ही में मदर्स डे सेलीब्रेट किया है। मैं ज्यादा कुछ नहीं लेकिन उन मांओं को सलाम जरूर कर सकती हूं, जिन्होंने वो वीर बहादुर पैदा किए हैं, जो हमारे देश के लिए जान की भी चिंता नहीं करते हैं।'
