Brahmastra OTT Release : 9 सितंबर को रिलीज हुई बॉलीवुड अदाकारा अलिया भट्ट और रणबीर कपूर की फिल्म ब्रह्मास्त्र ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई कर इतिहास रच दिया था। कोरोना काल के बाद जिन चार फिल्मों ने 150 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की है उनमें एक ब्रह्मास्त्र भी है। इस फिल्म का बजट 410 करोड़ रुपये है और 25 दिन में इस फिल्म ने 425 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर इतिहास रच दिया था। लंबे समय बाद इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस के सूखे को खत्म किया था। इस फिल्म ने रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के करियर को भी बूस्टर डोज देने का काम किया था और अब आलिया भट्ट और रणबीर कपूर-स्टारर एडवेंचर-माइथोलॉजिकल फंतासी फिल्म 'ब्रह्मास्त्र पार्ट वन: शिवा' ओटीटी पर आ रही है।
शक्तिशाली अस्त्रों की ताकत दिखाने वाली ब्रह्मास्त्र ओटीटी पर भी कई भाषाओं में देखने को मिलेगी। यह फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम में रिलीज होगी। रिलीज डेट की बात करें तो 'ब्रह्मास्त्र पार्ट वन: शिवा' 4 नवंबर, 2022 से डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर स्ट्रीम करने के लिए उपलब्ध होगा। शादी के बाद रणबीर और आलिया पहली बार अयान मुखर्जी की फिल्म ब्रह्मास्त्र (Brahmastra) में एक साथ नजर आए। अयान मुखर्जी द्वारा लिखित और निर्देशित इस फिल्म में बॉलीवुड के दिग्गज सुपरस्टार अमिताभ बच्चन, मौनी रॉय, शाहरुख खान और नागार्जुन अक्किनेनी भी हैं।
सिनेमाघरों में कमाई के कीर्तिमान रचने वाली यह फिल्म ओटीटी पर कैसा प्रदर्शन करेगी ये देखना दिलचस्प होगा। ऑरमैक्स मीडिया ने कुछ समय पहले हिंदी भाषा के टॉप वेब शोज और फिल्मों की लिस्ट जारी की थी जिन्हें ओटीटी पर सबसे ज्यादा देखा गया था। फिल्मों की बात करें तो अ थर्सडे (डिज्नी+हॉटस्टार) को 25.5 मिलियन, गहराइयां (प्राइम वीडियो) को 22.3 मिलियन, कौन प्रवीण तांबे? (डिज्नी+हॉटस्टार) को 20.2 मिलियन, जलसा (प्राइम वीडियो) को 13.9 मिलियन, शर्माजी नमकीन (प्राइम वीडियो) को 12.7 मिलियन व्यूज मिले। यह टॉप 5 मूवी हैं।
वहीं वेबसीरीज की बात करें तो पंचायत सीजन 2, रॉकेट बॉयज, गुल्लक सीजन 3, रुद्र और मानव सबसे ज्यादा देखी गई सीरीज हैं। ब्रह्मास्त्र की टक्कर इन शोज और फिल्मों से होगी। दिलचस्प होगा ये देखना कि क्या ब्रह्मास्त्र व्यूज के मामले में इन फिल्मों और शोज को पीछे कर पाएगी।
