Maidaan Release Date: बॉलीवुड एक्टर अजय देवगन की फिल्म मैदान की नई रिलीज डेट सामने आ गई है। यह फिल्म अब अगले साल रिलीज होगी।अजय देवगन की यह फिल्म बहुत बड़े स्केल पर रिलीज होगी। मेकर्स इसे चार भाषाओं में रिलीज करेंगे। हिंदी के साथ यह फिल्म तमिल, तेलुगू और मलयालम भाषा में रिलीज होगी। तरण आदर्श के अनुसार, यह फिल्म अब 17 फरवरी 2023 को रिलीज होगी।
अजय देवगन के अलावा फिल्म में प्रियामणि, गजराज राव और रुद्रनील घोष भी हैं। अमित शर्मा निर्देशित, मैदान फिल्म भारतीय राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के कोच और प्रबंधक सैयद अब्दुल रहीम से प्रेरित एक जीवनी पर आधारित खेल ड्रामा है। अब्दुल रहीम को भारतीय फुटबॉल का वास्तुकार माना जाता है। फिल्म को बोनी कपूर और जी स्टूडियोज ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। ये कहानी है भारतीय फुटबॉल के स्वर्णिम दौर की और सफल कोच की।
कई बार बदली रिलीज डेट
मैदान की रिलीज डेट कई बार बदली गई है। यह फिल्म 11 दिसंबर 2020 को स्क्रीन पर रिलीज होने वाली थी लेकिन कोरोना की वजह से इसकी रिलीज 13 अगस्त 2021 के लिए खिसकाई गई थी। इसके बाद अगस्त से खिसकाकर इसे 15 अक्टूबर 2021 को दशहरे के मौके पर रिलीज करने का तय किया गया। एक बार फिर रिलीज डेट बदली है और ये फिल्म 3 जून 2022 को तय हुई। अब फाइनली ये फिल्म 17 फरवरी 2023 को आने वाली है।
साल 2023 का मूवी रिलीज कलेंडर बनने लगा है। साल की शुरुआत प्रभास, सैफ अली खान, कृति सेनन स्टारर आदिपुरुष से हो रही है, वहीं जनवरी में पठान और तेहरान भी रिलीज होनी है। इसी तरह फरवरी में 10 को शहजादा और 24 को सेल्फी आने वाली है। इसके बीच 17 फरवरी को अजय देवगन अपनी फिल्म मैदान लेकर आ रहे हैं। इस फिल्म का काफी समय से दर्शकों को इंतजार है।
