Aamir Khan Stranded In Chennai Cyclone: चेन्नई में मिचौंग तूफान ने हाहाकार मचाकर रख दिया है। भारी बारिश के कारण पूरे शहर को बाढ़ का सामना भी करना पड़ रहा है। आम लोगों के साथ-साथ कई मशहूर सितारे भी इस तूफान और बाढ़ में फंसे दिखाई दिये। बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान (Aamir Khan) को लेकर खबर आ रही है कि वह भी चेन्नई में आई बाढ़ के कारण 24 घंटे तक फंसे रहे थे। हालांकि फायर और रेस्क्यू विभाग द्वारा उनका बचाव कर लिया गया है। आमिर खान की इससे जुड़ी कुछ तस्वीरें भी वायरल हो रही हैं, जिसमें वह रेस्क्यू टीम के साथ नजर आए।
बता दें कि आमिर खान (Aamir Khan) रहते भले ही मुंबई हैं। लेकिन वह अपनी मम्मी जीनत हुसैन के इलाज के लिए चेन्नई गए हुए थे। उनकी मम्मी जीनत हुसैन को दिल का दौरा पड़ा था, जिसके बाद से चेन्नई में ही उनका इलाज चल रहा था। ऐसे में आमिर खान अपनी मम्मी के साथ चेन्नई के करपक्कम शहर में मौजूद थे। बताया जा रहा है कि आमिर खान साउथ के मशहूर एक्टर विष्णु विशाल के साथ फंसे हुए थे। इस दौरान उन्हें पानी और बिजली तक नसीब नहीं हुआ।
विष्णु विशाल ने रेस्क्यू से जुड़ी कुछ तस्वीरें भी अपने इंस्टाग्राम एकाउंट से शेयर की हैं, जिसमें वह आमिर खान (Aamir Khan) के साथ राफ्ट पर बैठे नजर आए। इन तस्वीरों को शेयर करते हुए विष्णु विशाल ने लिखा, "हम फंसे हुए लोगों को बचाने के लिए फायर और रेस्क्यू विभाग का शुक्रिया। करपक्कम में बचाव कार्य शुरू किया जा चुका है और तीन बोट पहले ही काम में जुटी हुई हैं। इस मुश्किल घड़ी में साथ देने के लिए शुक्रिया तमिलनाडू सरकार। इस मुश्किल घड़ी में काम करने के लिए प्रशासन का भी धन्यवाद।"
