गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया की साल 1994 में हुई हत्या के मामले में दोषी पूर्व सांसद और बाहुबली नेता आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। शीर्ष अदालत ने आज यानी गुरुवार 26 नवंबर को बिहार सरकार के उस फैसले को रद्द कर दिया है, जिसके तहत जेल नियमों में संशोधन करके आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई का रास्ता साफ किया गया था। सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें एक महीने के भीतर सरेंडर करने का आदेश दिया है।
जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए बिहार सरकार के 2023 के संशोधन को असंवैधानिक घोषित किया। यह संशोधन आनंद मोहन की रिहाई का आधार बना था। जी. कृष्णैया की पत्नी उमा देवी कृष्णैया ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर आनंद मोहन की रिहाई को चुनौती दी थी। उन्होंने उनकी रिहाई रद्द कर दोबारा जेल भेजने की मांग की थी।
आनंद मोहन और बिहार सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल कर रिहाई के फैसले का बचाव किया था। उनका कहना था कि समयपूर्व रिहाई का फैसला मनमाना नहीं था। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार के संशोधन को असंवैधानिक ठहराते हुए रिहाई का आदेश निरस्त कर दिया।
न्याय के लिए मूकदर्शक नहीं रह सकती अदालत
फैसला सुनाते हुए सुप्रीम कोर्ट ने न्यायिक समीक्षा और अदालत की भूमिका को लेकर अहम टिप्पणियां भी कीं। अदालत ने कहा कि न्याय के लिए कानून और नैतिकता के पक्ष में खड़ा होना जरूरी है, सिर्फ मूकदर्शक बने रहना नहीं।
कोर्ट ने यह भी कहा कि रिट क्षेत्राधिकार का इस्तेमाल करते हुए अदालत का दायित्व है कि वह सक्रिय रूप से न्याय सुनिश्चित करे। न्यायिक समीक्षा सिर्फ निगरानी की औपचारिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि मनमानी कार्रवाई के खिलाफ वैधानिकता, निष्पक्षता और न्याय सुनिश्चित करने का सक्रिय माध्यम है।
रिमिशन प्रक्रिया में सुनवाई का अधिकार
सुप्रीम कोर्ट के सामने सजा में छूट यानी रिमिशन (Remission) से जुड़े दो अहम कानूनी सवाल थे। पहला सवाल यह था कि दोषी की समयपूर्व रिहाई पर विचार करते समय सजा के वक्त लागू रिमिशन नीति मानी जाएगी या बाद में बनी अधिक लाभकारी नीति का फायदा दिया जा सकता है। अदालत ने इस कानूनी सवाल पर फैसला देना जरूरी नहीं समझा और इसे खुला छोड़ दिया।
दूसरा सवाल पीड़ित पक्ष की भागीदारी से जुड़ा था। सुप्रीम कोर्ट ने साफ किया कि रिमिशन की प्रक्रिया में पीड़ित को सुनवाई का अधिकार है। उसे अपनी बात रखने का अवसर दिया जाना चाहिए। पीड़ित को समयपूर्व रिहाई पर विचार करने की प्रक्रिया से अलग नहीं रखा जा सकता।
इस फैसले से अदालत ने साफ कर दिया है कि सरकार के पास सजा में छूट देने का अधिकार जरूर है, लेकिन इसका इस्तेमाल कानून, निष्पक्षता और पीड़ित के अधिकारों को ध्यान में रखकर ही किया जाना चाहिए।
