Aamir on Loveyapa flop: बॉलीवुड के सबसे बड़े सुपरस्टार्स में से एक आमिर खान (Aamir Khan) के बेटे जुनैद खान ने इंडस्ट्री में कदम जमाने शुरू कर दिए हैं। बीते दिनों जुनैद की दूसरी फिल्म लवयापा रिलीज हुई थी, जिसे बहुत ही सामान्य रिस्पांस मिला है। यह जुनैद की दूसरी फिल्म भले ही थी लेकिन सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली पहली मूवी थी। इससे पहले रिलीज हुई महाराज को मेकर्स ने सीधे ओटीटी पर रिलीज किया था। लवयापा के खराब बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर आमिर खान ने पहली बार चुप्पी तोड़ी है और कहा है कि अच्छा हुआ कि उनके बेटे जुनैद की मूवी फ्लॉप हुई।
आमिर खान ने लवयापा (Loveyapa) के प्रदर्शन पर बात करते हुए कहा, 'मैं खुश हूं की लवयापा ने अच्छा कारोबार नहीं किया। जुनैद को इससे बहुत कुछ सीखने को मिलेगा। मैं चाहता हूं कि वो अपने हर एक फेलियर से सीखे और भविष्य में अच्छा करे। फेलियर हमें निराश नहीं करते हैं, बल्कि हमें कुछ सिखाते हैं। मेरी भी कई फिल्में फ्लॉप हुई हैं, जिन्हें मैंने बहुत प्यार से बनाया था। मुझे उम्मीद है कि जुनैद (Junaid Khan) को लवयापा के फेलियर से कुछ सीखने को मिला होगा।'
आमिर खान के करियर की बात करें तो ठग्स ऑफ हिन्दोस्तान और लाल सिंह चड्ढा जैसी फिल्में फ्लॉप होने के बाद आमिर खान ने फिल्मों से ब्रेक ले लिया था। हालांकि इन दिनों वो सितारे जमीन पर नाम की एक फैमिली ड्रामा में व्यस्त हैं, जिसे जल्द ही रिलीज किया जाएगा। आमिर खान ने कहा है कि वो ऐसी कहानियां करना चाहते हैं, जो उन्हें एक्साइट करें। सितारे जमीन पर एक ऐसी ही मूवी है, जिसे बनाने में वो खूब मेहनत कर रहे हैं। अगर पर्सनल लाइफ की बात करें तो आमिर खान ने अपनी नई गर्लफ्रेंड को जमाने के सामने पेश किया है, जिसके बाद फैंस खुश हैं। सबको उम्मीद है कि आमिर खान जल्द ही तीसरी बार शादी करेंगे और उनके जीवन में खुशियां लौट आएंगी।
