Pawan Singh Jyoti Singh Fight: भोजपुरी सिनेमा के जाने-माने सुपरस्टार पवन सिंह की निजी जिंदगी में जो कुछ भी चल रहा है, वो लोगों के सामने है। पवन सिंह के घर बीते दिनों उनकी पत्नी ज्योति सिंह अचानक से पहुंच गई, जिसके बाद इंटरनेट पर हंगामा मच गया। पवन सिंह के घर पर पत्नी ज्योति सिंह तब पहुंची, जब एक्टर ने भारत के गृहमंत्री अमित शाह के साथ मुलाकात कर ली थी और उनका राजनीति में आना पक्का माना जा रहा है। पवन सिंह ने बीते दिनों में हुए हाईवोल्टेज ड्रामे के बारे में अपना पक्ष रखने के लिए 8 अक्टूबर को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस रखी, जिसमें उन्होंने ज्योति सिंह पर राजनीतिक फायदा उठाने का आरोप लगाया है। पवन सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा है कि ज्योति सिंह का हर कदम राजनीति से प्रेरित है, वरना पहले उनको एक्टर की चिंता क्यों नहीं थी।
पवन सिंह ने प्रेस कान्फ्रेंस में दावा किया कि जिस रात ज्योति सिंह उनके घर पर थीं, उन्हें वो रात अपनी गाड़ी में काटनी पड़ी। पवन सिंह के अनुसार, "मैं उस रात खाना खाने के लिए ही बैठा कि मेरे एक दोस्त ने बताया कि ज्योति आ रही हैं। इससे पहले कि मैं कुछ खाना ढंग से खत्म कर पाता, वो मेरे घर पहुंच गई थीं। घर में घुसते ही वो बोलीं कि मैं अब यहां से नहीं हिलूंगी। हमारा तलाक और एलुमनी का केस चल रहा है। मैंने ज्योति से कहा कि क्या एक छत के नीचे कोई केस लड़ा जाता है क्या? मैंने ज्योति के साथ डेढ़ घंटे तक बात की और उसके बाद मैं निकल गया क्योंकि मेरी एक मीटिंग थी। जब मीटिंग के बाद मैंने मोबाइल चेक किया तो मुझे पता चला कि घर पर विवाद हो गया है। ये सुनने के बाद मैंने घर जाना ठीकन हीं समझा और पूरी रात मैं गाड़ी में ही रहा। ज्योति अगले दिन मेरे घर से गईं।"
पवन सिंह ने ज्योति की नियत पर सवाल खड़े करते हुए कहा, "मैं ज्योति जी से पूछना चाहता हूं कि जो अपनापन वो मुझसे अब दिखा रही हैं, वो चुनावों से पहले क्यों नहीं था। क्या ये प्यार इसलिए उमड़ रहा है क्योंकि मैंने अमीत शाह जी से मुलाकात की है। ये तो गजब का अपनापन है।"
पवन सिंह ने अपने ससुर रामबाबू सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है, "मेरे ससुर ने मुझसे कहा कि मैं ज्योति को विधायक बना दूं, चाहें उसके बाद छोड़ दूं। विधायक बनने के लिए ये सभी हरकतें हो रही हैं। मुझे उम्मीद नहीं थी कि ज्योति इस कदर गिर सकती हैं।"
पवन सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपना दर्द बताते हुए कहा कि वो भी अच्छी शादीशुदा जिंदगी चाहते हैं लेकिन वो उनके पास नहीं है। पवन ने कहा कि वो चाहते हैं जब वो घर पर आएं तो उनकी पत्नी या बेटी उनके लिए दरवाजा खोले लेकिन ऐसा नहीं होता है। आज भी उनकी मां को ही उनके लिए दरवाजा खोलना पड़ता है।
