Kushti Trailer Released: भोजपुरी फिल्मों को यूपी-बिहार के लोग खूब पसंद करते हैं। एक समय पर बॉलीवुड के बड़े-बड़े सितारों ने भोजपुरी फिल्मों में काम किया था। इस लिस्ट में अमिताभ बच्चन से लेकर धर्मेंद्र तक के नाम शामिल है। भोजपुरी फिल्मों की वजह से ही पवन सिंह और खेसारी लाल यादव को पहचान मिली। इन दिनों फिल्म कुश्ती काफी चर्चा में है। भोजपुरी की टॉप अदाकारा अंजना सिंह की फिल्म कुश्ती का ट्रेलर आज आउट हो गया है, जिसे देखकर लोग गदगद हो गए हैं। बता दें कि सभी लोग फिल्म कुश्ती के ट्रेलर पर जमकर रिएक्ट कर रहे हैं।
फिल्म कुश्ती का ट्रेलर आउट
भोजपुरी एक्ट्रेस अंजना सिंह की फिल्म कुश्ती के ट्रेलर ने रिलीज होते ही यूट्यूब पर धमाका कर दिया है। फिल्म कुश्ती की कहानी छोटी अंजना से शुरू होती है। उसके पापा एक मशहूर पहलवान हैं, लेकिन किसी वजह से वो खुद कुश्ती नहीं लड़ पाते। उनका सपना अधूरा रह जाता है, तो वो ठान लेते हैं कि ये सपना उनकी बेटी पूरा करेगी। फिर पापा अंजना को दिन-रात कड़ी ट्रेनिंग देते हैं लेकिन कहानी में बड़ा ट्विस्ट तब आता है जब अंजना की शादी हो जाती है। ससुराल में कुश्ती जारी रखने को लेकर खूब बवाल होता है। सास-ससुर और पूरा परिवार हैरान रह जाते हैं कि बहू पहलवानी कर रही है। अंजना घर की जिम्मेदारियां निभाते हुए भी अपने सपने को नहीं छोड़ती है। ट्रेलर में अंजना सिंह का ये अंदाज देख लोग गदगद हो गए हैं। सभी लोग उन्हें दंगल गर्ल कह रहे हैं। बता दें कि अंजना अपनी दमदार एक्टिंग के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने कई फिल्मों में अपना जलवा बिखेरा है।
सोशल मीडिया पर छाई रहती हैं अंजना सिंह
भोजपुरी एक्ट्रेस अंजना सिंह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। अंजना अक्सर अपने फैंस के साथ तस्वीरें और वीडियोज शेयर करती रहती हैं। अंजना का हर एक पोस्ट इंटरनेट पर आते ही वायरल हो जाता है। खूबसूरती और फैन फॉलोइंग के मामले में अंजना सिंह, अक्षरा सिंह से लेकर रानी चटर्जी तक को टक्कर देती हैं। ये कहना गलत नहीं होगा कि अंजना की हर अदा पर लोग फिदा है।
