इलेक्शन

चिराग बिहार का भविष्य, अपने बेटे की तरह मानता हूं...अपने 'हनुमान' की तारीफ कर क्या संकेत दे गए मोदी

एक सांसद के रूप में नई चीजें सीखने के लिए चिराग के समर्पण की प्रशंसा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि वह बिना किसी ब्रेक के संसद के सभी सत्रों में भाग लेते रहे। पीएम मोदी ने कहा, चिराग एक सांसद के रूप में पूरी तरह से सफल हैं।

Image

पीएम मोदी ने की चिराग की जमकर तारीफ

PM Modi Praises Chirag Paswan: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को बिहार के हाजीपुर में एक सार्वजनिक रैली के दौरान लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के नेता चिराग पासवान की जमकर तारीफ की। अपने पूर्व कैबिनेट सहयोगी स्वर्गीय राम विलास पासवान को याद करते हुए पीएम मोदी ने लोगों से युवा नेता चिराग को वोट देने की अपील की। राम विलास के बेटे चिराग हाजीपुर से चुनाव लड़ रहे हैं। पीएम मोदी ने लोगों से अपील की कि इस बार चिराग को उनके पिता की रिकॉर्ड-तोड़ जीत से भी बड़े अंतर से जीत दिलाएं।

मोदी ने चिराग पासवान से खूब अपनापन दिखाया

मंच पर आए पीएम मोदी ने चिराग पासवान से खूब अपनापन दिखाया। पीएम मोदी मंच पर मौजूद सभी लोगों से मिले, लेकिन चिराग से मुलाकात कुछ अलग ही रही। पीएम के मंच पर पहुंचते ही चिराग उनके पैर छूने के लिए झुके। मोदी ने भी उन्हें आशीर्वाद देते हुए दो-तीन बार जमकर उनकी पीठ ठोकी। इस पर चिराग ने जमकर ठहाका लगाया। मोदी ने अपने भाषण में चिराग की जमकर तारीफ भी की। पीएम मोदी का यह अंदाज कई संकेत भी दे गया।

कहा- चिराग को बेटे की तरह मानता हूं

एक सांसद के रूप में नई चीजें सीखने के लिए चिराग के समर्पण की प्रशंसा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि वह बिना किसी ब्रेक के संसद के सभी सत्रों में भाग लेते रहे। पीएम मोदी ने कहा, चिराग एक सांसद के रूप में पूरी तरह से सफल हैं। चिराग बिहार के सच्चे प्रतिनिधि हैं, बिहार के भविष्य हैं। इसलिए, जब आप चिराग को वोट देंगे, तो यह सीधे मोदी के खाते में जाएगा। पीएम मोदी ने आगे कहा कि वह चिराग पासवान को अपने बेटे की तरह मानते हैं।

चिराग ने अपने सियासी करियर में दिखाई परिपक्वता

बहरहाल, पीएम मोदी द्वारा दिखाई गई करीबी ने कई संकेत भी दिए हैं। इससे पता चलता है कि पीएम मोदी, चिराग पर कितना भरोसा करते हैं। मोदी का चिराग को अपने बेटे जैसा कह देना बड़ी बात है। दरअसल, चिराग ने अपने सियासी करियर में बहुत राजनीतिक परिपक्वता दिखाई है। राम विलास पासवान के निधन के बाद जब एनडीए में उनके भाई पशुपति पारस को तवज्जो मिलने लगी तो चिराग ने संयम बनाए रखा। बिहार विधानसभा चुनाव में चिराग अकेले ही मैदान में उतरे। नीतीश पर खूब हमला बोले, लेकिन बीजेपी और मोदी को लेकर सधी बयानबाजी की। उसी दौरान खुद को पीएम मोदी का हनुमान भी बताया।

खुद को बताया था मोदी का हनुमान

अक्टूबर 2020 में चिराग पासवान ने बिहार में चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी की तस्वीर लगाने को लेकर निशाना साधने वालों को करार जवाब दिया था। उन्होंने कहा था, मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के साथ था, हूं और रहूंगा। मुझे कहीं तस्वीर नहीं लगानी है, मेरे दिल में प्रधानमंत्री बसते हैं। मैं उनका हनुमान हूं। हनुमान की तरह मेरा सीना चीर कर देख लें, मेरे दिल में प्रधानमंत्री मोदी बसते हैं।

लोकसभा की पांच सीटें मिलीं

बहरहाल, चिराग के संयम और बुद्धिमानी का फायदा भी उन्हें मिला और एनडीए में उनकी जबरदस्त वापसी हुई। उनकी पार्टी को गठबंधन समझौते के तहत बिहार में लोकसभा की पांच सीटें मिली हैं। हाजीपुर से वह खुद लड़ रहे हैं। पीएम मोदी अपने इस हनुमान का प्रचार करने खुद हाजीपुर पहुंचे और जबरदस्त तरीके से चिराग की पीठ ठोकी। उन्हें बिहार का भविष्य बताया। साफ संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले समय में चिराग बिहार में अहम भूमिका और जिम्मेदारी निभा सकते हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article