West Bengal Assembly Election 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में बड़ी संख्या में वोट देने के लिए राज्य की जनता को बधाई दी और मतदान के अब तक के आंकड़ों को ''परिवर्तन के लिए शानदार जनादेश'' का संकेत बताया। पीएम मोदी ने नदिया जिले के कृष्णानगर में एक चुनावी रैली में कहा कि निर्वाचन आयोग इस बात के लिए बधाई का पात्र है कि उसने चुनाव में हिंसा पर काफी हद तक रोक लगाई।
राज्य की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए प्रथम चरण के चुनाव के तहत गुरुवार को 152 सीटों पर मतदान हुआ। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया के तहत 90 लाख से अधिक नाम मतदाता सूचियों से हटाये जाने के बाद यह चुनाव हो रहा है।
क्या कुछ बोले PM मोदी
पीएम मोदी ने रैली में कहा, ''बंगाल में पिछले 50 वर्षों के चुनावी इतिहास में यह पहली बार है कि हिंसा की घटनाएं न्यूनतम रहीं। मतदान के बारे में अब तक मुझे जो जानकारी मिली है, उससे मुझे पूरा विश्वास है कि यह बंगाल के मतदाताओं द्वारा बदलाव के पक्ष में एक शानदार जनादेश होगा।''
पीएम मोदी ने दक्षिण 24 परगना जिले के मथुरापुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले काकद्वीप स्टेडियम में एक जनसभा को संबोधित करते हुए दावा किया कि राज्य में भारी मतदान तृणमूल कांग्रेस के भय के शासन से भाजपा के भरोसे के वादे की ओर बढ़ने का संकेत देता है।
पीएम मोदी ने कहा कि चार मई, जिस दिन मतगणना होगी, पश्चिम बंगाल में ''तृणमूल की 15 साल पुरानी सिंडिकेट प्रणाली और महाजंगल राज'' की ''समाप्ति'' का प्रतीक होगा। देश के अन्य हिस्सों के पूर्व के मतदान प्रतिशत का हवाला देते हुए, प्रधानमंत्री ने दावा किया कि जब भी लोग बड़ी संख्या में मतदान करने के लिए निकले हैं, भाजपा को निर्णायक जीत हासिल हुई है।
राज्य विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण में, 152 सीटों पर अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच बृहस्पतिवार को मतदान हुआ। हालांकि, कुछ इलाकों से हिंसा की छिटपुट घटनाओं की खबरें हैं। शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की 2,400 से अधिक कंपनियां तैनात रहीं। 44,000 से अधिक पोलिंग बूथ पर मतदान हुए।
