इलेक्शन

दिल्लीवासियों को पीएम मोदी ने दी गारंटी, बोले- BJP सत्ता में आई तो मैं करूंगा आपकी सेवा; पढ़ें 5 बड़ी बातें

Delhi Chunav 2025: पीएम मोदी ने दिल्ली की जनता से वादा किया है कि भाजपा को वोट देकर सत्ता में लाइए, मैं व्यक्तिगत रूप से दिल्लीवासियों की सेवा करूंगा। प्रधानमंत्री मोदी ने दावा किया कि भाजपा की भ्रष्टाचार मुक्त सरकार ने गरीबों के विकास और कल्याण के लिए प्रत्येक रुपया खर्च किया है।

Image

पीएम मोदी ने दिल्ली के आर.के. पुरम में जनसभा को संबोधित किया।

Delhi Assembly Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आरके पुरम में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। खुद को जनता का 'सेवक' बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्लीवासियों को गारंटी दी कि शहर में भाजपा की सरकार बनने के बाद वह झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वालों और मध्यम वर्ग के लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए कड़ी मेहनत करेंगे।

'जिन्होंने लूटा है, उन्हें लौटाना ही पड़ेगा'

आर.के. पुरम में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह जो वादा करते हैं, उसे पूरा करते हैं। उन्होंने मध्यम वर्ग की जेब में अधिक पैसा डालने के लिए केंद्रीय बजट 2025-26 में शामिल आयकर लाभों पर प्रकाश डाला। आप सरकार के घोटालों पर पीएम मोदी ने निशाना साधा और कहा कि आप नेताओं को जवाब देना होगा और "जिन्होंने लूटा है, उन्हें लौटाना ही पड़ेगा।"

पीएम मोदी ने मिडिल क्लास के लिए कही ये बात

केंद्रीय बजट 2025-26 पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि यह विकसित भारत के चार स्तंभों- गरीब, किसान, युवा और नारी को मोदी की गारंटी को पूरा करने की गारंटी है। उन्होंने कहा, ‘‘यह जनता जनार्दन की आकांक्षाओं का बजट है। मध्यम वर्ग को हजारों रुपए की बचत होगी क्योंकि 12 लाख रुपए तक की आय पर कर शून्य कर दिया गया है। आजादी के बाद से यह किसी भारतीय वेतनभोगी व्यक्ति को दी गई सबसे बड़ी कर छूट है।"

12 लाख रुपये कमाने वालों के लिए क्या बोले मोदी?

पीएम मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की सरकार में 12 लाख रुपये सालाना आय वाले व्यक्ति को अपनी आय का एक-चौथाई हिस्सा कर के रूप में देना पड़ता था। प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की सरकार में 12 लाख रुपये सालाना आय वाले व्यक्ति को कर के रूप में 10 लाख रुपये का नुकसान होता था। उन्होंने कहा कि 10 साल पहले तक कांग्रेस सरकार में 12 लाख रुपये कमाने वाले व्यक्ति को 2.60 लाख रुपये टैक्स देना पड़ता था, लेकिन हमारी सरकार में 12 लाख रुपये कमाने वाले व्यक्ति को कोई टैक्स नहीं देना पड़ेगा।

“मेक इन इंडिया” को बढ़ावा देने पर पैसा खर्च किया

प्रधानमंत्री मोदी ने दावा किया कि भाजपा की भ्रष्टाचार मुक्त सरकार ने गरीबों के विकास और कल्याण के लिए प्रत्येक रुपया खर्च किया है। सरकार ने गरीबों को मुफ्त राशन और पक्के मकान दिए हैं तथा सड़कें, अस्पताल, फ्लाईओवर बनाने और “मेक इन इंडिया” को बढ़ावा देने पर पैसा खर्च किया है। उन्होंने कहा कि वसंत पंचमी के साथ ही मौसम बदलने लगता है और तीन दिन बाद दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने के साथ ही विकास का बसंत आने वाला है।

तिनके की तरह बिखर रही हैं AAP की झाड़ू

'आप' में मची भगदड़ की ओर इशारा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि झाड़ू तिनके की तरह बिखर रही हैं क्योंकि आपदा के नेता इसे छोड़ रहे हैं। हाल ही में आपदा के आठ विधायकों के भाजपा में शामिल होने के फैसले का संदर्भ देते हुए उन्होंने कहा, "आपदा सरकार दिल्ली के मतदाताओं के सामने बेनकाब हो गई है।" इससे पहले पीएम मोदी ने मतदाताओं से समर्थन मांगते हुए कहा कि शहर को एक ऐसी सरकार की जरूरत है जो अपनी ऊर्जा विकास पर खर्च करे न कि दूसरों से लड़ने में। 'आप' सरकार ने पुराने वादों पर वोट मांगकर 10 साल बर्बाद कर दिए हैं। लेकिन अब दिल्ली के मतदाता भाजपा सरकार चुनेंगे।''

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article