आज सुबह दिल्ली के कई मेट्रो स्टेशनों को बंद किए जाने के बाद आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने केंद्र सरकार पर जोरदार निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में लगातार मेट्रो स्टेशनों को बंद कर आम यात्रियों की आवाजाही प्रभावित की जा रही है, लेकिन जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे युवाओं से बातचीत करने की कोई कोशिश नहीं की जा रही।
आतिशी ने सोशल मीडिया पर उठाए सवाल
आतिशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा, "मोदी सरकार दिल्ली की लाइफलाइन यात्रा को दिन-ब-दिन बाधित करने और आम यात्रियों को परेशान करने के लिए तैयार है, लेकिन जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं से बात करने को तैयार नहीं है।"
क्या है मामला?
नीट (NEET)पेपर लीकऔर शिक्षा सुधारों को लेकर जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और छात्रों का प्रदर्शन लगातार जारी है। इसी आंदोलन के चलते DMRC ने सुरक्षा कारणों से दिल्ली मेट्रो के 16 प्रमुख स्टेशनों पर आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी है, जिससे सुबह से ही आम यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Mumbai Alert: CJP के समर्थन में उग्र प्रदर्शन के बाद मुंबई में 6 अगस्त तक धारा-37 लागू, 5 से ज्यादा लोगों के जुटने पर पाबंदी
इन मेट्रो स्टेशनों को आज किया गया बंद
डीएमआरसी के अनुसार, आज सुबह 7:30 बजे से दिल्ली मेट्रो के स्टेशन लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखम्बा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम स्टेशन को अगले आदेश तक बंद किया गया हैं। इन सभी स्टेशनों पर यात्रियों के एंट्री और एग्जिट पर रोक लगा दी गई है। हालांकि राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा सामान्य रूप से उपलब्ध रहेगी।
