Adl DCP Sandeep Lamba : जंतर-मंतर पर कॉकरेच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान एक महिला प्रदर्शनकारी को थप्पड़ मारने के आरोपी दिल्ली पुलिस के एडिशनल डीसीपी (उत्तर-पूर्व) संदीप लांबा को ड्यूटी से हटा दिया गया है। अब वह जंतर-मंतर पर ड्यूटी नहीं करेंगे। रिपोर्टों के मुताबिक लांबा को अपने जिले में रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है। दरअसल, प्रदर्शन स्थल पर एक महिला को थप्पड़ मारते हुए उनका एक वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया में वायरल हुआ जिसके बाद उन पर यह एक्शन हुआ है। हालांकि, लांबा को हटाए जाने पर दिल्ली पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
वीडियो सामने आने के बाद लांबा की आलोचना
दिल्ली, अंडमान और निकोबार द्वीप पुलिस सेवा के अधिकारी संदीप लांबा सोमवार को उस समय सुर्खियों में आए, जब CJP के 'संसद चलो' मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। इसी दौरान लांबा पर एक महिला प्रदर्शनकारी को थप्पड़ मारने का आरोप लगा। घटना का कथित वीडियो सामने आने के बाद इसे लेकर व्यापक विरोध और आलोचना हुई।
कोर्ट में लांबा के आचरण पर सवाल उठाए
इस बीच, बुधवार को दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई के दौरान 20 जुलाई की पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन ने सार्वजनिक रूप से उपलब्ध वीडियो का हवाला देते हुए अतिरिक्त डीसीपी संदीप लांबा के कथित आचरण पर सवाल उठाए।
'सड़क किनारे खड़ी महिला को थप्पड़ मारा'
उन्होंने अदालत से कहा, 'वीडियो में साफ दिखाई देता है कि अतिरिक्त डीसीपी संदीप लांबा जिसमें उनका नाम और बैज दोनों स्पष्ट दिख रहे हैं, एक ऐसी महिला को थप्पड़ मार रहे हैं, जो सड़क किनारे खड़ी थी और कुछ भी नहीं कर रही थी। जब वर्दी में मौजूद लोग ऐसा व्यवहार करें, तो उनका नाम लेने से डरना नहीं चाहिए। उन्हें अदालत में तलब कर अपने कृत्य के लिए जवाबदेह बनाया जाना चाहिए। यह कार्रवाई पूरी तरह बिना किसी उकसावे के की गई थी। ऐसे लोगों को हमारी सुरक्षा के लिए पुलिस की जिम्मेदारी सौंपी गई है।'
CJP का इंटरनेट सेवा बंद करने का आरोप
कॉजपा ने बुधवार को आरोप लगाया कि जंतर-मंतर के आसपास इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। कॉजपा ने सवाल उठाया कि क्या सरकार आंदोलन पर फिर से पुलिस कार्रवाई की तैयारी कर रही है। कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स’ पर लिखा, 'जंतर-मंतर पर इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। क्या सरकार एक और कठोर कार्रवाई की तैयारी कर रही है?' एक अन्य पोस्ट में दीपके ने प्रदर्शन स्थल पर तैनात पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों से प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि निर्दोष प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई के आदेशों का पालन न करें और जनता के साथ खड़े हों।
