इलेक्शन

पश्चिम बंगाल में मतदान के बीच बवाल, कूचबिहार में पथराव, केंद्रीय मंत्री के घर पर पास मिला बम

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 19, 2024, 11:18 AM IST

Stone Pelting in West Bengal: पश्चिम बंगाल में केंद्रीय मंत्री निशीथ प्रमाणिक के घर के पास बम मिलने की सूचना है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बम को डिफ्यूज कर दिया है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया है कि कूचबिहार के चांदमारी में वोटरों को रोकने के लिए टीमएसी कार्यकर्ताओं ने पथराव किया। इस घटना में बीजेपी का पोलिंग एजेंट घायल हो गया है।

Image

कूचबिहार में पत्थरबाजी

Photo : PTI

Stone Pelting in West Bengal: पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान हिंसा की खबर है। यहां कूचबिहार के चांदमारी गांव के पास दो गुटों में पथराव हुआ है। इसका वीडियो भी सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया है कि चांदमारी में वोटरों को रोकने के लिए टीमएसी कार्यकर्ताओं ने पथराव किया। इस घटना में बीजेपी का पोलिंग एजेंट घायल हो गया है।

वहीं एक अन्य रिपोर्ट में कहा गया है कि पश्चिम बंगाल में केंद्रीय मंत्री निशीथ प्रमाणिक के घर के पास बम मिलने की सूचना है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बम को डिफ्यूज कर दिया है। बता दें, लोकसभा चुनाव के पहले चरण में पश्चिम बंगाल की तीन सीटों पर आज मतदान हो रहा है।

कई जगहों से हिंसा की खबरें

हिंसा की सबसे ज्यादा खबरें कूचबिहार के चंदामारी इलाके से सामने आई हैं। भाजपा के बूथ अध्यक्ष लोब सरकार पर हमले को लेकर तनाव बढ़ गया। उन्हें सिर में गंभीर चोट लगने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसी तरह, भाजपा और तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच पथराव के बाद एक तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता को भी सिर में गंभीर चोटें आईं। राजाखोरा क्षेत्र और कूचबिहार में इसी तरह का तनाव है। इस क्षेत्र में सत्तारूढ़ और विपक्षी पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच हमले और जवाबी हमले हुए, जिसके बाद तृणमूल कांग्रेस और भाजपा दोनों के कार्यालयों में तोड़फोड़ की गई।

ऐसी खबरें भी आ रही हैं कि कूचबिहार के सीतलकुची में तृणमूल कांग्रेस के एक अस्थायी पार्टी कार्यालय को कथित तौर पर स्थानीय भाजपा समर्थकों ने जला दिया। जलपाईगुड़ी लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत डाबग्राम-फुलबारी क्षेत्र में उस समय तनाव फैल गया जब भाजपा के एक बूथ कार्यालय को कथित तौर पर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा पूरी तरह से नष्ट कर दिया गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय के रिकॉर्ड के अनुसार, सुबह 9 बजे तक मतदान प्रतिशत 15.09 था। सबसे अधिक मतदान प्रतिशत अलीपुरदुआर में 15.91 प्रतिशत दर्ज किया गया, इसके बाद कूच बिहार में 15.26 प्रतिशत और जलपाईगुड़ी में 14.13 प्रतिशत मतदान हुआ।

इन सीटों पर जारी है मतदान

पश्चिम बंगाल में कूचबिहार, अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी लोकसभा सीटों पर शुक्रवार को शांतिपूर्ण तरीके से मतदान जारी है। एक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक जारी रहेगा। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री निसिथ प्रमाणिक समेत कुल 37 उम्मीदवार राज्य के उत्तरी हिस्से के इन तीन निर्वाचन क्षेत्रों से चुनावी मैदान में हैं। इन तीन सीटों पर कुल 56.26 लाख लोग मतदान करने के पात्र हैं। तीनों सीटें आरक्षित हैं। कूचबिहार और जलपाईगुड़ी अनुसूचित जाति के लिए और अलीपुरद्वार अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं।

746 मतदान केंद्र संवेदनशील

निर्वाचन आयोग ने 746 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया है जिनमें से 391 जलपाईगुड़ी में, 196 कूचबिहार और 159 अलीपुरद्वार में हैं। इस बीच, केंद्रीय बल के जवान कुमार नीलू की बृहस्पतिवार रात को मौत हो गयी। वह कूचबिहार में माथाभांगा के बेलतला में एक मतदान केंद्र में तैनात था। एक अधिकारी ने बताया, वह बिहार से था और त्वरित कार्रवाई दल (क्यूआरटी) का हिस्सा था। उसने नाक और मुंह से खून निकलने की शिकायत की और उसे एक अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गयी है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article