इलेक्शन

'बुलडोजर बाबा चाप रहे, माफिया सारे हांफ रहे..' वो स्‍लोगन जिन्‍होंने निकाय चुनाव में BJP के लिए बनाया माहौल

UP Nikay Chunav Result 2023 : यूपी निकाय चुनाव में भाजपा को जीत दिलाने के लिए सीएम योगी ने एड़ी चोट का जोर लगा दिया था। इस दौरान उन्‍होंने कुल 50 रैलियां की थीं। पहले चरण में योगी ने 28 तो वहीं दूसरे चरण में 22 रैलियां कीं।

Image

भाजपा ने यूपी निकाय चुनाव में अभूतपूर्व जीत दर्ज की।

UP Nikay Chunav Result 2023 : उत्‍तर प्रदेश में हुए निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने अभूतपूर्व जीत हासिल की है। मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ की रणनीति और भाजपा के विकास वाले एजेंडे के बलबूते प्रदेश की सभी 17 सीटों पर कमल खिला है। कानपुर, बरेली और मुरादाबाद में भाजपा ने निवर्तमान महापौर पर ही अपना दांव लगाया था, बाकी सीटों पर नए चेहरों को मौका दिया गया था। सीएम योगी की नीतियों से प्रभावित होकर जनता ने सभी 17 सीटों पर मुहर लगाई और भाजपा के प्रत्याशियों को महापौर चुना।

ये चुनाव भले ही नगर निगम का था, लेकिन इसमें भाजपा को जीत दिलाना योगी के लिए किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं था। दरअसल, 2024 में लोकसभा चुनाव होने हैं और सीएम योगी के नेतृत्‍व में भाजपा ने सभी सीटों पर जीत हासिल कर यूपी का मूड पहले ही बता दिया है। ये चुनाव जनता के लिए भी बेहद रोमांचक रहा। कहीं, 'बुलडोजर बाबा चाप रहे' तो कहीं 'नो कर्फ्यू नो दंगा, यूपी में सब चंगा' जैसे स्‍लोगन सुनने को मिले। इस खबर में हम इन्‍हीं चुनावी नारों के बारे में आपको बताएंगे जिन्‍होंने लोगों में उत्‍साह भर दिया।

'माफिया हमारी पहचान नहीं'

प्रदेश की योगी सरकार ने 25 मार्च को दूसरे कार्यकाल की वर्षगांठ मनाई थी। यहां पर सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने सरकार की कई जनकल्‍याणकारी नीतियों के बारे में बताया था। लेकिन जब बात लॉ एंड ऑर्डर की आई तो उन्‍होंने कहा कि 'माफिया नहीं अब महोत्‍सव हमारी पहचान है।' दरअसल, सीएम योगी बीजेपी के छह साल के शासन के बारे में बात कर रहे थे तब उन्‍होंने कहा कि अब माफिया और गुंडाराज से प्रदेश को निजात मिली है और लोगों की धारणा बदली है।

'नो कर्फ्यू, नो दंगा…'

जब निकाय चुनाव प्रचार के लिए योगी आदित्‍यनाथ सहारनपुर पहुंचे थे उस समय अतीक अहमद का मुद्दा जोरों पर था। यहां पर उन्‍होंने जनसभा में कहा था कि यूपी में माफिया अब अतीत हो चुके हैं। अपराधी प्रदेश छोड़कर भाग रहे हैं और यूपी खुशहाली का प्रतीक बन चुका है। लोगों में रोमांच भरते हुए सीएम योगी ने यहां पर 'नो कर्फ्यू- नो दंगा, यूपी में सब चंगा' और 'रंगदारी न फिरौती, यूपी नहीं है अब किसी की बपौती' का नारा दिया था। जिसके बाद ही पूरा सभा स्‍थल योगी-मोदी और जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा था।

'बुलडोजर बाबा चांप रहे'

भोजपुरी स्‍टार और आजमगढ़ से भाजपा सांसद दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' चुनाव प्रचार के लिए मऊ पहुंचे थे। मऊ जिले को मुख्‍तार अंसारी का गढ़ कहा जाता है। यहां आकर रोड शो के दौरान निरहुआ ने गाना गाया था, 'बुलडोजर बाबा चांप रहे, माफिया सारे हांफ रहे'। इसे सुनकर लोग काफी उत्‍साहित हो गए थे और दिनेश लाल ने कहा था, बुलडोजर बाबा ऐसे ही चांपते रहें, गुंडे-माफिया ऐसे ही हांफते रहें, तो चुनाव कोई भी आए आप मुहर कमल के निशान पर ही छापते रहें।

योगी ने झोंकी थी पूरी ताकत

यूपी निकाय चुनाव में भाजपा को जीत दिलाने के लिए सीएम योगी ने एड़ी चोट का जोर लगा दिया था। इस दौरान उन्‍होंने पूरे प्रदेश में कुल 50 रैलियां की थीं। पहले चरण में योगी ने 28 तो वहीं दूसरे चरण में 22 रैलियां कीं। बतातें हैं कि अयोध्‍या नगर निगम में जीत के लिए योगी दो बार यहां पहुंचे। हालांकि आज के नतीजे भाजपा के लिए काफी संतोषजनक रहे और जब योगी आदित्‍यनाथ लोगों से मुखातिब हुए तो उन्‍होंने कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्‍होंने कहा कि, 'मैं लोगों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि यूपी सरकार उनके विकास और सुरक्षा के लिए काम करती रहेगी।'

Shaswat Gupta
शाश्वत गुप्ताauthor

पत्रकारिता जगत में पांच साल पूरे होने जा रहे हैं। वर्ष 2018-20 में जागरण इंस्‍टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्‍युनिकेशन से Advance PG डिप्लोमा करने के बाद मीडिया जगत में दस्तक दी। 2019 में दैनिक जागरण से पत्रकारीय जीवन का आरंभ हुआ। इसके बाद जागरण न्‍यू मीडिया, दैनिक भास्‍कर और इंडिया टीवी में सेवाएं दीं। अप्रैल 2023 से टाइम्‍स नाउ नवभारत (https://www.timesnowhindi.com/) के साथ यह सफर अनवरत‍ जारी है। परंपरागत मीडिया से प्रारंभ हुआ करियर अब आधुनिक यानी डिजिटल मीडिया तक पहुंच चुका है। ग्राउंड रिपोर्टिंग से शुरू हुई यह यात्रा लोकल/हाइपरलोकल डेस्‍क, प्रादेशिक डेस्‍क, सोशल मीडिया डेस्‍क, नेशनल डेस्‍क से अब वायरल डेस्‍क तक पहुंच चुकी है। करीब साढ़े चार साल के इस करियर में अविस्‍मरणीय अनुभव रहे हैं। दैनिक जागरण में पहली पारी के दौरान बिकरू कांड जैसी बड़ी और ज्‍वलन्‍त घटना की कवरेज करने का अवसर मिला। प्रिंट मीडिया और डिजिटल मीडिया दोनों ही मंचों पर बेहतरीन ढंग से खबर का प्रस्‍तुतिकरण किया। प्रिंट मीडिया की प्रादेशिक डेस्‍क पर कार्य करते हुए कानपुर सिटी, कानपुर देहात, इटावा, बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, फतेहपुर, औरैया, जालौन, उन्‍नाव, फर्रुखाबाद और कन्‍नौज संस्‍करण की जिम्‍मेदारी संभाली। इन सभी डेस्‍क का कार्य निष्‍पादित करते हुए हर ब्रेकिंग खबर का प्रिंट व डिजिटल दोनों माध्‍यमों में बेहतरीन प्रस्‍तुतिकरण किया। तत्‍पश्‍चात् जागरण न्‍यू मीडिया के हाइपरलोकल सेक्‍शन की लॉन्चिंग में यूपी टीम के सक्रिय सदस्‍य रहे। 2019 से लेकर 2022 तक कोरोना की तीनों लहरों की कवरेज की। इस दौरान लॉकडाउन और ऑक्‍सीजन संकट से ऊपजे हालात पर कई स्‍टोरीज कीं। उत्‍तर प्रदेश पंचायत चुनाव 2021 में अलग-अलग दिनों में होने वाली अलग-अलग स्‍थानों की वोटिंग, काउंटिंग और रिजल्‍ट से जुड़ी खबरों को पाठकों तक बखूबी पहुंचाया। इस दौरान खबरों की प्‍लानिंग, लाइव ब्‍लॉग लाइव करने के साथ मल्‍टीपल स्‍टोरीज करने का अवसर मिला। 2021 में माफिया मुख्‍तार अंसारी की बांदा जेल में वापसी पर भी प्रतिद्वंद्वियों से बेहतर कवरेज की। ढाई साल में उत्‍तर प्रदेश के अंदर हुई इस उथल-पुथल के बाद कन्‍नौज के पियूष जैन कांड की खबर को ब्रेक किया। इस केस में रेग्‍युलर कवरेज करने के अलावा कई एक्‍सक्‍लूसिव स्‍टोरीज करने का मौका भी मिला। तत्‍पश्‍चात् कानपुर मेट्रो से जुड़े कार्यों की कवरेज कर औपचारिक तौर पर पहली बार प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के दौरे और प्रथम कॉरिडोर के उद्घाटन की कवरेज करने के साक्षी रहे। उतार-चढ़ाव से भरा डिजिटल मीडिया का यह पहला अनुभव काफी शानदार रहा और बेहतरीन कवरेज से यूपी टीम में कानपुर सेक्‍शन को दूसरा सर्वाधिक Pageviews वाला सेक्‍शन बनाने में योगदान दिया। दैनिक भास्‍कर (DB Digital) के साथ उत्‍तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में भगवा लहर के साक्षी रहे। डिजिटल मीडिया के दूसरे पड़ाव में प्रदेश की चुनावी सरगर्मी को भांपने का अवसर मिला। इसके साथ-साथ उत्‍तर प्रदेश की सैकड़ों तहसील, ब्‍लॉक व गांव इत्‍यादि की दैनिक खबरों का नियोजन कर उन्‍हें फ्लैश करने की जिम्‍मेदारी का निर्वाह किया। दूसरे पड़ाव में उत्‍तर प्रदेश के ग्रामीण परिवेश को खबरों के लिहाज से करीने से समझा और स्‍थानीय क्षेत्रों की समस्याओं को बड़े स्‍तर तक पहुंचाने का काम किया। विधानसभा चुनाव की छोटी-बड़ी खबरों को ब्रेक करने के साथ-साथ ऑब्‍जर्वेशन आधारित मल्‍टीपल स्‍टोरीज करने का अवसर भी मिला।इंडिया टीवी में समाचार लेखन और प्रस्‍तुतिकरण का एक नया अनुभव प्राप्‍त करने का सौभाग्‍य मिला। यू-ट्यूब की दुनिया में खबरों के महत्‍व, लेखन और प्रासंगिकता को समझने का अवसर मिला। जिसके बाद पंजाबी गायक स‍िद्धू मूसेवाला मर्डर केस और महाराष्‍ट्र के सियासी संकट की खबर को ब्रेक किया। यूपी में निर्माणाधीन एक्‍सप्रेस-वे पर वीडियो पैकेज बनाकर दर्शकों के सम्‍मुख यूट्यूब ओरिएंटेड एक्‍सक्‍लूसिव स्‍टोरी पेश की। राजू श्रीवास्‍तव-मुलायम सिंह यादव का निधन, श्रद्धा वाल्‍कर मर्डर केस, जोशीमठ की प्राकृतिक आपदा और द्रौपदी मुर्मू के राष्‍ट्रपति बनने के सफर पर कई वीडियो और उनकी LIVE स्‍ट्रीमिंग करने का मौका मिला। इनके अलावा साल 2022 में हुए गुजरात और हिमाचल प्रदेश के व‍िधानसभा चुनाव एवं दिल्‍ली एमसीडी चुनाव से जुड़े वीडियो पर खबरों की कवरेज (यू-ट्यूब पर), लाइव स्‍ट्रीमिंग की। चैनल के शो 'आप की अदालत' की री-लॉन्चिंग पर टीम के साथ को-ऑर्डिनेशन से लाइव स्‍ट्रीमिंग और वीडियो पैकेजिंग का अनुभव प्राप्‍त किया। इसके बाद माफिया अतीक अहमद की साबरमती जेल से वापसी और उसके बेटे के एनकाउंटर पर आधारित वीडियोज़ को बेहतरीन इमेज-कंटेंट क्रिएशन के साथ पब्लिश किया। कोई भी खबर न रुके, न छूटे, न चूके...इसी उद्देश्‍य के साथ विविधता से परिपूर्ण इस यात्रा को आगे बढ़ा रहे हैं।

और पढ़ें
End of Article