इलेक्शन

यूपी नगर निकाय चुनाव में 163 प्रत्याशी मतदान से पहले ही जीते, BJP को सबसे ज्यादा फायदा

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated May 3, 2023, 09:29 AM IST

यूपी नगर निकाय चुनाव में पहले चरण की वोटिंग 4 मई और दूसरे चरण का मतदान 11 मई को होना है। पहले चरण का चुनाव प्रचार थम चुका है।

Image

यूपी नगर निकाय चुनाव

Photo : PTI

UP Nagar Nikay Chunav: उत्तर प्रदेश नगरीय निकाय चुनाव के लिए पहले दौर का प्रचार थम चुका है। चुनाव दो चरणों में संपन्न होने हैं। लेकिन मतदान से पहले ही 163 उम्मीदवार निर्विरोध चुनाव जीत गए हैं। इसमें पहले चरण में 86 और दूसरे चरण में 77 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। सबसे अधिक फायदा भारतीय जनता पार्टी को हुआ है।

कुल 163 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित

राज्य निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को इस संबंध में एक सूची जारी की। पहले चरण में एक नगर पालिका अध्यक्ष, एक नगर पंचायत अध्यक्ष समेत 86 पार्षद व सभासद निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। इसके मुताबिक, दूसरे चरण में एक नगर पंचायत अध्यक्ष समेत कुल 77 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। निर्विरोध निर्वाचित होने वालों में सबसे ज्यादा सत्ताधारी दल बीजेपी के उम्मीदवार शामिल है। बीजेपी के एक नगर पंचायत अध्यक्ष सहित 48 सदस्य बिना लड़े ही चुनाव जीत गए हैं। वहीं मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के मात्र 2 सदस्य ही निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। बाकी सभी निर्दलीय है।

इसके मुताबिक, दूसरे चरण में अलीगढ़ से 5 पार्षद और 2 नगर पंचायत सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए है। आजमगढ़ में 2 नगर पंचायत सदस्य, इटावा में 3 नगर पालिका परिषद सदस्य और एटा में 3 नगर पंचायत सदस्य व 7 नगर पालिका परिषद सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं। कन्नौज में एक और कानपुर में 2 नगर पालिका परिषद सदस्य, कासगंज में 2 नगर पंचायत सदस्य व 2 नगर पालिका परिषद सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। गाजियाबाद में एक पार्षद और एक नगर पालिका परिषद सदस्य निर्विरोध चुना गया है।

गौतमबुद्धनगर में एक नगर पंचायत अध्यक्ष, एक नगर पालिका परिषद सदस्य समेत 16 नगर पंचायत सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं। पीलीभीत में एक और फर्रुखाबाद में दो नगर पंचायत सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। बदायूं में 5 नगर पालिका परिषद सदस्य, बुलंदशहर में एक नगर पंचायत सदस्य सहित 4 नगर पालिका परिषद सदस्य, बागपत में दो नगर पालिका परिषद सदस्य, बांदा में दो और बाराबंकी में एक नगर पंचायत सदस्य, मेरठ में तीन पार्षद, मीरजापुर और सुलतानपुर में एक-एक नगर पालिका परिषद सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। सिद्धार्थनगर, हमीरपुर में एक-एक और हाथरस में 2 नगर पंचायत सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं हापुड़ में एक नगर पालिका परिषद सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुआ है।

यूपी नगर निकाय चुनाव में पहले चरण की वोटिंग 4 मई और दूसरे चरण का मतदान 11 मई को होना है। इसके नतीजे 13 मई को आएंगे। पहले दौर का प्रचार 2 मई को शाम पांच बजे थम चुका है। अब 4 मई को पहले दौर का मतदान होगा।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article