इलेक्शन

Bihar Election 2025: गौड़ा बौराम सीट पर सियासी गेम, संतोष सहनी के उम्मीदवारी वापस लेने पर तेजस्वी यादव बोले- हम उनसे अलग नहीं

Bihar Election 2025: विधानसभा चुनाव से पहले गौड़ा बौराम में संतोष सहनी की ओर से उम्मीदवारी वापस लेने पर राजद नेता तेजस्वी यादव ने प्रतिक्रिया दी और कहा कि वह उनके फैसले को समर्थन करते हैं। और वह उनसे अलग नहीं है।

Image

संतोष सहनी के चुनाव से हटने पर तेजस्वी यादव ने दी प्रतिक्रिया

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर सियासत तेज है। इस बीच राजद नेता तेजस्वी यादव ने गौड़ा बौराम में संतोष सहनी की ओर से उम्मीदवारी वापस लेने पर प्रतिक्रिया दी है। संतोष सहनी महागठबंधन के उप-मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार मुकेश सहनी के भाई हैं, जो गठबंधन के समर्थन से चुनाव लड़ रहे थे। संतोष सहनी के उम्मीदवारी वापस लेने पर राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "यह उनका फैसला है। हम उनका समर्थन करते हैं, क्योंकि हम उनसे अलग नहीं हैं।"

दरअसल, दरभंगा जिले की गौड़ा बौराम सीट पर महागठबंधन के घटक दलों राजद और विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के बीच फ्रेंडली फाइट जैसी स्थिति थी। राजद के टिकट पर यहां से अफजल अली खान ने अपना नामांकन दाखिल किया, जबकि संतोष सहनी विकासशील इंसान पार्टी से चुनावी मैदान में खड़े थे। हालांकि, पहले चरण की वोटिंग से पहले संतोष सहनी चुनाव मैदान से हट गए। मुकेश सहनी ने बुधवार को अपने भाई की उम्मीदवारी वापस लेने की घोषणा की। इसके साथ ही, उन्होंने राजद उम्मीदवार अफजल अली को अपना समर्थन दिया।

बिहार में बदलाव की लड़ाई

न्यूज एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, मुकेश सहनी ने कहा, "बिहार में बदलाव की लड़ाई, सामाजिक न्याय की स्थापना और समाज को उसका हक दिलाने की यात्रा आसान नहीं होती। कभी–कभी अपने बड़े लक्ष्य के लिए बड़ी कुर्बानियां देनी पड़ती हैं। संतोष सहनी ने गौड़ाबौराम और बेहतर बिहार के हित में बड़ा त्याग करने का फैसला लिया है। इसी भावना के साथ हमने राजद प्रत्याशी अफजल अली को समर्थन देने का निर्णय लिया है।"

सहनी ने आगे कहा कि यह निर्णय बिहार के बेहतर भविष्य और सामाजिक न्याय के संकल्प का प्रतीक है। हमारा उद्देश्य साफ है बदलाव की यह मशाल जलती रहे और हर वह आवाज मजबूत हो जो समानता, सम्मान और अधिकार की बात करती है। उन्होंने यह भी कहा कि महागठबंधन एकजुट है और बिहार में नया इतिहास लिखने को तैयार है। संतोष सहनी के उम्मीदवारी वापस लेने के बाद अब गौड़ा बौराम में 11 उम्मीदवार बचे हैं। भाजपा ने यहां से सुजीत कुमार को अपना प्रत्याशी बनाया है। बता दें कि गौड़ा बौराम समेत बिहार की 121 विधानसभा सीटों पर पहले चरण में 6 नवंबर को वोटिंग है।

(इनपुट -आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहा author

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्... और देखें

End of Article