इलेक्शन

चुनाव से पहले BJP-TDP फिर आएंगे साथ! गठबंधन की अटकलें तेज, नायडू ने की शाह से मुलाकात

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Mar 8, 2024, 06:21 AM IST

टीडीपी भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का हिस्सा थी लेकिन 2018 में नायडू के राज्य के मुख्यमंत्री रहने के दौरान वह इससे बाहर हो गई थी।

Image

बीजेपी-टीडीपी में होगा गठबंधन!

Photo : PTI

TDP-BJP Alliance Talk: आम चुनाव 2024 से पहले तेलुगु देशम पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच गठबंधन का संभावना तेज हो गई है। दोनों पार्टियों के शीर्ष नेताओं ने फिर मुलाकात की है। टीडीपी के अध्यक्ष एन. चंद्रबाबू नायडू ने गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर आंध्र प्रदेश में एक साथ होने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनावों के लिए बीजेपी और टीडीपी के बीच गठबंधन की संभावना पर चर्चा की। टीडीपी भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का हिस्सा थी लेकिन 2018 में नायडू के राज्य के मुख्यमंत्री रहने के दौरान वह इससे बाहर हो गई थी।

गठबंधन की संभावनाएं प्रबल

सूत्रों ने कहा कि दोनों पार्टियां हाथ मिलाने के लिए तैयार हैं लेकिन बहुत कुछ इस बात पर निर्भर करेगा कि वे आपसी सहमति से सीट-बंटवारे की व्यवस्था पर पहुंचते हैं या नहीं। दोनों नेताओं के बीच हालांकि हालिया महीनों में हुई दूसरी बैठक के बाद गठबंधन की संभावनाएं प्रबल हो गई हैं। टीडीपी के नेताओं ने कहा कि गठबंधन बनाने में अब और देरी फायदेमंद नहीं होगी क्योंकि चुनाव करीब आ रहे हैं और कोई भी अस्पष्टता पार्टी कार्यकर्ताओं व समर्थकों को भ्रमित कर सकती है।

अभिनेता पवन कल्याण की पार्टी टीडीपी के साथ

अभिनेता पवन कल्याण की अगुवाई वाली जन सेना पार्टी ने पहले ही टीडीपी के साथ हाथ मिला लिया है और चाहती है कि भाजपा भी इसमें सहयोगी बने ताकि राज्य की सत्ता से वाईएसआर कांग्रेस के जगन मोहन रेड्डी को बेदखल किया जा सके। जन सेना एनडीए की घटक है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब इस बात के साफ संकेत मिल रहे हैं कि ओडिशा का सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजेडी) भी एनडीए में शामिल हो सकता है। बीजेपी और बीजेडी के नेता इस गठबंधन को अंतिम रूप देने की कगार पर हैं। दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं ने बुधवार को अलग-अलग बैठकें कीं, जिससे इस संभावना को और बल मिला।

नायडू पहले भी कर चुके शाह-नड्डा से मुलाकात

नायडू ने फरवरी में शाह और भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा से मुलाकात की थी। इसके बाद इन अटकलों को बल मिला था कि वे गठबंधन की ओर बढ़ रहे हैं। हालांकि अब तक चीजें ठोस रूप से सामने नहीं आई हैं। सूत्रों ने बताया कि दोनों दलों के बीच इस बात को लेकर मतभेद था कि भाजपा आंध्र प्रदेश में कितनी सीट पर चुनाव लड़ेगी। दक्षिण के इस राज्य में भाजपा की उपस्थिति प्रभावी नहीं रही है। राज्य में लोकसभा की 25 और विधानसभा की 175 सीट हैं। भाजपा यहां आठ से 10 संसदीय सीट पर चुनाव लड़ना चाहती है।

सीटों पर फंस रहा पेच

हालांकि, टीडीपी के सूत्रों ने कहा कि गठबंधन की स्थिति में भाजपा लोकसभा की पांच से छह सीट, जन सेना तीन और तेदेपा बाकी सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। भाजपा के लिए स्थिति इस वजह से जटिल हो गई है कि वाईएसआर कांग्रेस के अध्यक्ष जगन मोहन रेड्डी संसद में मोदी सरकार के एजेंडे का स्पष्ट रूप से समर्थन करते रहे हैं और इसके वरिष्ठ नेताओं के साथ उनके अच्छे व्यक्तिगत संबंध हैं। (भाषा इनपुट)

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article