Rahul Gandhi Talks to Vijay: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के मुख्यमंत्रियों ममता बनर्जी और एमके स्टालिन से परिणाम को लेकर बात की। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बताया कि राहुल गांधी ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने वाले टीवीके नेता विजय को भी बधाई दी। रमेश ने एक्स पर पोस्ट किया, आज शाम नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ममता बनर्जी जी और एमके स्टालिन से चुनाव नतीजों को लेकर बातचीत की। उन्होंने विजय को भी फोन करके बधाई दी। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस और तमिलनाडु में स्टालिन की पार्टी द्रमुक को हार का सामना करना पड़ा है। ये दोनों दल इंडिया गठबंधन के घटक हैं।
तमिलनाडु का जनादेश युवाओं की आवाज को दर्शाता है : राहुल
राहुल गांधी ने कहा कि तमिलनाडु का जनादेश युवाओं की उस आवाज को दर्शाता है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने टीवीके के नेता विजय को फोन पर बात करके उन्हें बधाई दी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के मुख्यमंत्रियों ममता बनर्जी और एमके स्टालिन से भी परिणाम को लेकर बात की।
राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, मैंने विजय से बात की और उन्हें टीवीके के शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। यह जनादेश युवाओं की उठती आवाज को दर्शाता है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है और न ही किया जाएगा। उन्होंने कहा, तमिलनाडु और पुडुचेरी के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उनकी कड़ी मेहनत और समर्थन के लिए मेरा हार्दिक धन्यवाद। मैं दोहराता हूं कि कांग्रेस पार्टी तमिलनाडु और पुडुचेरी के लोगों का संरक्षण और सेवा करना जारी रखेगी।
केरल की प्रतिभा और क्षमता का सदुपयोग करेंगे: राहुल
राहुल गांधी ने केरल विधानसभा चुनाव में पार्टी के नेतृत्व वाले गठबंधन यूडीएफ की जीत पर सोमवार को राज्य के लोगों का आभार जताया और कहा कि नई सरकार प्रदेश की प्रतिभा और क्षमता का सदुपयोग करेगी। केरल विधानसभा चुनाव में सोमवार को कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ ने प्रचंड जीत हासिल की है। राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, वास्तव में निर्णायक जनादेश के लिए केरल में मेरे भाइयों और बहनों को धन्यवाद। कठिन संघर्ष और अच्छी तरह से चलाए गए अभियान के लिए प्रत्येक यूडीएफ नेता और कार्यकर्ता को बधाई। जैसा कि मैंने पहले कहा था, केरल में प्रतिभा है, केरल में क्षमता है और अब केरल में यूडीएफ सरकार है जिसका लक्ष्य दोनों का सदुपयोग करना है। मैं जल्द ही अपने केरल परिवार से मिलने के लिए उत्सुक हूं।
