Saran Lok Sabha Election 2024 Results: सारण लोकसभा सीट पर इस बार जबरदस्त मुकाबला है। पहली बार लालू प्रसाद यादव यहीं से सांसद चुने गए थे और अब उनकी बेटी रोहिणी आचार्य मैदान में हैं। लालू ने पहली भाजपा के राजीव प्रताप रूडी को पटखनी दी थी। इसके बाद रूडी दो बार इस सीट से सांसद चुने गए। अब वह एक बार फिर सारण सीट से ताल ठोक रहे हैं और उनके सामने रोहिणी आचार्य की चुनौती है। वोटों की गिनती जारी है और रुझान लगातार आ रहे हैं।
रोहिणी आचार्य से मुकाबला
पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी का मुकाबला इस बार लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य से है इसलिए मुकाबला दिलचस्प बन गया है। राष्ट्रीय जनता दल ने रोहिणी को इस सीट से उतारा है। दो बार से सांसद रूडी पर भाजपा ने फिर भरोसा दिखाया है। राजीव प्रताप का मानना है कि सारण में रोहिणी नहीं, बल्कि उनका मुकाबला लालू यादव से है। यहां के नतीजे पर सबकी नजरें हैं।
| उम्मीदवार | पार्टी | आगे-पीछे |
| राजीव प्रताप रूड़ी | बीजेपी | पीछे |
| रोहिणी आचार्य | आरजेडी | आगे |
सारण सीट का इतिहास
वर्ष 2002 में परिसीमन आयोग के गठन के बाद 2008 में ये क्षेत्र अस्तित्व में आया। परिसीमन से पहले यह क्षेत्र छपरा लोकसभा सीट का चुनावी हिस्सा था। परिसीमन के बाद 2009 में इस सीट पर पहली बार लोकसभा चुनाव हुए। पहले चुनाव में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू यादव ने अपनी किस्मत आजमाई। तब उनके सामने भाजपा के राजीव प्रताप रूडी थे। इस मुकाबले में लालू ने 50 हजार से अधिक वोटों से जीत हासिल की थी।
लालू परिवार की प्रतिष्ठा दांव पर
इसके बाद आरजेडी को दोबारा इस सीट से कभी जीत हासिल नहीं हुई। साल 2014 के चुनाव में खुद लालू की पत्नी राबड़ी देवी ने इस सीट से चुनाव लड़ा था। लेकिन राजीव प्रताप रूडी ने 35 हजार से अधिक वोटों से हरा दिया। रूड़ी ने 2019 में भी जीत का सिलसिला बरकरार रखा और आरजेडी के चंद्रिका राय को 1 लाख 38 हजार से अधिक वोटों से शिकस्त दी। चंद्रिका राय तेज प्रताप यादव के ससुर हैं।
