बिहार कांग्रेस में फूट की खबर (फोटो- PTI)
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई है। सीट बंटवारे और उम्मीदवारों के चयन को लेकर पार्टी दो गुटों में बंटती दिख रही है। कांग्रेस का एक बड़ा गुट टिकट वितरण से असंतुष्ट होकर आज पटना में दोपहर 12 बजे एक अहम बैठक और प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहा है। इस बैठक में पूर्व विधायक, जिला अध्यक्ष, पूर्व प्रत्याशी और कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल हो सकते हैं।
सूत्रों के मुताबिक, इस नाराजगी की जड़ जातिगत आधार पर टिकट बांटने का फैसला है। कांग्रेस आलाकमान द्वारा लिए गए इस फैसले से एक धड़ा बेहद नाराज है और इसे दलित कार्ड खेलने की राजनीति बताया जा रहा है। गुटों का मानना है कि योग्य उम्मीदवारों की अनदेखी कर जातीय संतुलन बनाने के नाम पर टिकट बांटे जा रहे हैं।
इस पूरे विवाद के केंद्र में हैं बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम। उनके खिलाफ पार्टी के भीतर जबरदस्त असंतोष है। दो दिन पहले पटना एयरपोर्ट पर उनके सामने ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट और लात-घूंसे तक चल गए थे। इससे पार्टी की आंतरिक स्थिति और भी उजागर हो गई।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच राजेश राम ने एक तीखा संदेश सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा: "दलित दबेगा नहीं.. झुकेगा नहीं, अब इंकलाब होगा..." इस पोस्ट को विरोधियों के लिए स्पष्ट चेतावनी और पार्टी में अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
पटना में आज दोपहर कांग्रेस का असंतुष्ट गुट एक बड़े होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहा है। यहां टिकट बंटवारे और संगठनात्मक फैसलों को लेकर अपनी सार्वजनिक नाराजगी जाहिर करेगा। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि इस विवाद को जल्द नहीं सुलझाया गया तो चुनावी तैयारियों पर इसका गंभीर असर पड़ सकता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिहार विधान सभाचुनाव रिजल्ट (Bihar Vidhan Sabha Chuanv Result) अपडेट और प्रमुख निर्वाचन क्षेत्र (Key Constituency) बिहार इलेक्शन फेजवन की वोटिंग (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।