Congress vs BJP: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी और राज्य के अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि भाजपा का मतलब बाबू (तेदेपा प्रमुख चंद्रबाबू नायडू), जगन और पवन (जनसेना के संस्थापक पवन कल्याण) हैं। कडप्पा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि तीनों नेताओं का ‘रिमोट कंट्रोल’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास है।
नरेंद्र मोदी के पास है तीनों लोगों का ‘रिमोट कंट्रोल’- राहुल
पूर्व मुख्यमंत्री वाई.एस. राजशेखर रेड्डी का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पूरे आंध्र प्रदेश में राजशेखर रेड्डी की पदयात्रा उनकी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के लिए प्रेरणा थी। गांधी ने तीनों दलों पर निशाना साधते हुए कहा, “आज आंध्र प्रदेश को भारतीय जनता पार्टी की ‘बी’ टीम चला रही है। भाजपा की ‘बी’ टीम का मतलब है-बी से बाबू, जे से जगन और पी से पवन। इन तीनों लोगों का ‘रिमोट कंट्रोल’ नरेंद्र मोदी के पास है।”
ईडी, सीबीआई और अन्य एजेंसियां पर लगाया गंभीर आरोप
राहुल गांधी ने कहा कि ये नेता मोदी के नियंत्रण में हैं क्योंकि उनके पास ईडी, सीबीआई और अन्य एजेंसियां हैं। गांधी ने कहा कि राजशेखर रेड्डी उनके पिता राजीव गांधी के भाई की तरह थे और दोनों नेताओं के बीच व्यक्तिगत संबंध भी थे। उन्होंने दावा किया कि 2024 के आम चुनावों के बाद जब भी विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ केंद्र में सत्ता में आएगा, वह आंध्र प्रदेश को 10 वर्ष के लिए विशेष श्रेणी का दर्जा देगा और पोलावरम परियोजना, कडप्पा इस्पात संयंत्र और अन्य को पूरा करने जैसे अन्य वादों को पूरा करेगा।
केंद्र सरकार पर वादाखिलाफी करने का लगाया आरोप
दक्षिणी राज्य में विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी उम्मीदवारों का प्रचार करते हुए, उन्होंने चुनिंदा कृषि ऋण माफ करने, किंडरगार्टन से स्नातकोत्तर तक मुफ्त शिक्षा, गरीब लोगों और अन्य लोगों के लिए पांच लाख रुपये का आवास ऋण देने का वादा किया। गांधी ने इसके अलावा, केंद्र में सत्ता संभालने पर दो क्रांतिकारी कदम उठाने का वादा किया जो पहले कभी नहीं किए गए थे, जिसमें भारत के सभी गरीब लोगों की सूची बनाना और उनमें से प्रत्येक परिवार की एक महिला को प्रति वर्ष एक लाख रुपये दिए जाएंगे।
मनरेगा को लेकर कांग्रेस नेता राहुल ने किया बड़ा वादा
राहुल ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) की मजदूरी 250 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपये प्रतिदिन करने का भी वादा किया। इसके अलावा, गांधी ने किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी), 30 लाख सरकारी नौकरियां और आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं की आय दोगुनी करने का वादा किया।
उन्होंने कडप्पा और आंध्र प्रदेश के लोगों से उनकी ‘बहन’ और आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष वाई.एस. शर्मिला को लोकसभा में भेजने का आह्वान किया ताकि वह वाईएसआर के मूल्यों को आवाज दे सकें। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) आंध्र प्रदेश में ‘इंडिया’ के घटक हैं। आंध्र प्रदेश में 13 मई को 25वीं लोकसभा चुनाव के साथ ही विधानसभा चुनाव भी होंगे।
