इलेक्शन

Hiamchal CM: साथ आए मुकेश अग्निहोत्री और विक्रमादित्य, प्रतिभा सिंह के पक्ष में इसलिए नहीं है तैयार आलाकमान

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Dec 10, 2022, 12:01 AM IST

शुक्रवार रात तक हिमाचल सीएम के नाम का फैसला कांग्रेस कर सकती है। इसे लेकर शिमला में मीटिंग जारी है। वहीं मीटिंग से पहले ही तस्वीरें साफ होने लगी हैं। कांग्रेस आलाकमान अब प्रतिभा सिंह को लेकर स्पष्ट हो चुका है कि उन्हें सीएम नहीं बनाया जाएगा। सीएम अब जीते हुए विधायक में से ही कोई एक बनेंगे।

हिमाचल में सीएम के नाम को लेकर कांग्रेस के बीच रस्साकशी जारी है। हालांकि अब रेस में सिर्फ तीन नाम ही बचे हैं। दिवंगत कांग्रेस नेता वीरभद्र सिंह की प्रतिभा सिंह इस रेस से बाहर हो चुकी हैं। सूत्रों की मानें कांग्रेस आलाकमान ने साफ कर दिया है कि वो प्रतिभा सिंह को सीएम नहीं बनाएगा।

तस्वीर हो रही साफ

कांग्रेस नेता और सीएम पद के दावेदार मुकेश अग्निहोत्री और विक्रमादित्य सिंह के बीच शुक्रवार को एक मीटिंग हुई। मीटिंग के बाद टाइम्स नाउ नवभारत से उन्होंने एक्सक्लूसिव बातचीत की। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि विधायक दल की बैठक में सीएम के नाम पर फैसला होगा। कांग्रेस का व्यक्ति ही सरकार को लीड करेगा कोई गुटबाजी नहीं है। कोई तमाशा नहीं है। जनता ने जो हमसे उम्मीद रखी है, उसी के अनुसार सरकार बनेगी।

क्या कहा सीएम के दावेदार ने

उन्होंने कहा- "हमारा काम हिमाचल में कांग्रेस की सरकार लाना था, यह काम हमने कर दिया है, लेकिन जो काम हमारे अधिकार क्षेत्र में नहीं है, वहां ज्यादा दिमाग नहीं लगाते। विक्रमादित्य भी हमारे साथी विधायक हैं, हम सभी वीरभद्र सिंह जी की पाठशाला के छात्र हैं।" वहीं विक्रमादित्य ने कहा- "सिर्फ गपशप हुई है, कांग्रेस की सरकार हम बनाएंगे।"

प्रतिभा सिंह OUT

सूत्रों की मानें तो आलाकमान को लगता है कि प्रतिभा सिंह को सीएम बनाने पर दो उपचुनाव कराने पड़ेंगे। एक लोकसभा का, दूसरा विधानसभा का। ऐसे में जब मंडी जिले में- जहां से प्रतिभा सिंह सांसद हैं- 10 में से 9 सीट कांग्रेस हार गई है। इसलिए उपचुनाव में तुरंत जाना सही नहीं होगा। कहीं हार गए चुनाव जीतने पर जो माहौल बना है, वो बिगड़ सकता है। प्रतिभा को संभालने के लिए उनके बेटे विक्रमादित्य को मंत्रिमंडल में बड़ा ओहदा दिया जा सकता है।

इनके पास ज्यादा विधायक

आलाकमान के करीबी सूत्र प्रतिभा सिंह के 25 विधायकों के समर्थन के दावे को सिरे से खारिज कर रहे हैं। उनके मुताबिक, व्यक्तिगत तौर पर सुक्खू के साथ ज़्यादा विधायक हैं। विधायक दल की बैठक में एक लाइन का प्रस्ताव पास करके मुख्यमंत्री का फैसला आलाकमान पर छोड़ दिया जाएगा और सीएम के नाम पर अंतिम मुहर दिल्ली में लगेगी।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article