West Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से पहले राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति तेज हो गई। एक के बाद एक तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के फायरब्रांड नेता चुनावी रैलियां और रोड शो कर रहे हैं। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जादवपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार पर जमकर निशाना साधा और जनता से सहयोग मांगा।
पीएम मोदी ने जनता से अपील करते हुए कहा, ''नेताजी सुभाषचंद्र बोस ने राष्ट्र का आह्वान किया था- तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा। आप हमें आशीर्वाद दीजिए, हम आपको आजादी देंगे। आजादी टीएमसी के भय से, आजादी टीएमसी के भ्रष्टाचार से, आजादी टीएमसी के सिंडिकेट से, आजादी बेटियों पर अत्याचार से, आजादी पलायन की मजबूरी से, आजादी बेरोजगारी और बेकारी से, आजादी घुसपैठियों के कब्जे से।''
बंगाल में बंपर मतदान
पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल में पहले चरण का मतदान हुआ है। बहुत ही जबरदस्त मतदान हुआ है। देश आजाद होने के बाद, देश ने कभी ऐसा नहीं देखा, जो इस बार बंगाल के लोगों ने करके दिखाया है। हर तरफ यही चर्चा है कि भाजपा को कितना बड़ा समर्थन बंगाल में मिला है। आज बंगाल के छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े व्यापारी तक भयमुक्त होकर भाजपा के साथ हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि आज बंगाल के टैक्सी वालों से लेकर रिक्शा चलाने वाले तक भयमुक्त होकर भाजपा की सरकार के लिए समर्थन दे रहे हैं। आज नाव चलाने वाले हो, या नाम कमाने वाले, हर कोई खुलेआम परिवर्तन के लिए भाजपा के भरोसे पर बंगाल का भाग्य बनाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा, ''आज बंगाल के सरकारी कर्मचारी से लेकर बंगाल के पुलिसकर्मी तक भयमुक्त होकर उज्ज्वल बंगाल के लिए मैदान में आए हैं। बंगाल के शिक्षक, वकील और डॉक्टर सहित हर प्रोफेशन के लोग भाजपा के समर्थन में उतरे हुए हैं। हर कोई कह रहा है।''
TMC पर जमकर बरसे PM मोदी
पीएम मोदी ने कहा, ''पिछले 15 वर्षों में टीएमसी ने बंगाल को केवल लूटने का काम किया है। ऐसा कोई काम नहीं, जहां टीएमसी का करप्शन नहीं है। इसलिए बंगाल की जनता कह रही है कि भर्ती घोटाला चोलबे ना। चिटफंड घोटाला चोलबे ना। कोयला खनन घोटाला चोलबे ना। बालू खनन घोटाला चोलबे ना। गरीबों के राशन की लूट चोलबे ना। तस्करों को छूट चोलबे ना। कटमनी चोलबे ना, कमीशन चोलबे ना।''
'TMC ने महिला आरक्षण का किया विरोध'
भाजपा का विश्वास है कि बेटी सशक्त होगी, तो समाज सशक्त होगा। इसलिए हम हर योजना में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना चाहते हैं। हम चाहते हैं कि बंगाल की हर बहन आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बने, लेकिन आपने देखा कि कुछ दिन पहले देश की संसद में टीएमसी और उसके साथियों ने महिला आरक्षण का विरोध किया। देश चाहता है कि राजनीति में बेटियों की भागीदारी बढ़े, लेकिन टीएमसी नहीं चाहती। भाजपा चाहती है कि देश की नारी शक्ति सशक्त हो, लेकिन टीएमसी इसके विरोध में खड़ी हो गई है।
'सड़कों पर प्रदर्शन करने को मजबूर हैं छात्र'
इस दौरान, पीएम मोदी ने जादवपुर यूनिवर्सिटी का उल्लेख करते हुए कहा कि छात्र पढ़ाई के बजाय, सड़कों पर प्रदर्शन करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा, ''जादवपुर यूनिवर्सिटी का नाम दुनिया भर में सम्मान से लिया जाता था। इस कैंपस की नींव ही राष्ट्रवाद पर रखी गई थी, लेकिन आज यहां की स्थिति देखिए, कैंपस के अंदर धमकियां दी जा रही हैं, दीवारों पर देशविरोधी बातें लिखी जा रही हैं और छात्र अपनी पढ़ाई के बजाय, सड़कों पर प्रदर्शन करने को मजबूर हैं।''
उन्होंने कहा कि हम जादवपुर यूनिवर्सिटी में अराजकता नहीं, अकादमी माहौल चाहते हैं। हम यहां धमकियां नहीं, संवाद चाहते हैं, जो सरकार अपने ही राज्य के सबसे बड़े शिक्षण संस्थान को नहीं बचा सकती, वो बंगाल का भविष्य क्या बचाएगी, बंगाल के नौजवानों के भविष्य क्या बचाएगी।
