पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से पहले चुनावी माहौल गरम हो गया है। इसके साथ ही राजनीतिक बयानबाजी भी चरम पर पहुंच गई है। इसी क्रम में उत्तर 24 परगना में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर तीखा हमला बोला और राज्य में बदलाव का आह्वान किया। उन्होंने दावा किया कि राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद वे बंगाल को TMC के महाजंगलराज से मुक्ति दिलाएंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पहले चरण के मतदान में ही TMC का अहंकार टूट गया है और दूसरे चरण में भाजपा की प्रचंड जीत तय है। उन्होंने आरोप लगाया कि 15 साल पहले मां,माटी और मानुष के नारे के साथ सत्ता में आई TMC अब अपने मूल वादों से भटक चुकी है। मोदी ने कहा कि अगर TMC इस नारे को दोहराएगी, तो उसके पाप सामने आ जाएंगे।
जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि TMC के महाजंगलराज में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सबसे बड़ी चिंता बन गई है। संदेशखाली जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां महिलाओं के साथ अन्याय हुआ और सरकार ने दोषियों का साथ दिया। प्रधानमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में बेटियां लापता हो रही हैं और सरकार निष्क्रिय बनी हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि 4 मई के बाद अगर भाजपा की सरकार बनी, तो गुंडों और अपराधियों का हिसाब किया जाएगा।
इसके साथ ही मोदी ने महिलाओं के लिए कई वादे भी किए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर हर साल महिलाओं के खातों में 36 हजार रुपये जमा किए जाएंगे। आंगनबाड़ी और महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के वेतन-भत्तों में सुधार का भी वादा किया गया। साथ ही, सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 35% आरक्षण देने की बात भी कही गई।
