PM Modi in Barmer Rally: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान को लेकर विपक्ष के आरोपों पर पहली बार खुलकर जवाब दिया। राजस्थान के बाड़मेर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, सरकार के लिए संविधान गीता, कुरान और बाइबिल जैसा है। उन्होंने बाबा आंबेडकर का नाम लेते हुए कहा कि आज अगर वे खुद आ जाएं तो संविधान को खत्म नहीं कर सकते। दरअसल, कांग्रेस नेता यह आरोप लगाते रहे हैं कि बीजेपी अगर तीसरी बार सत्ता में आती है तो ये लोग संविधान को खत्म कर देंगे।
पीएम मोदी ने इस दौरान कहा, एससी/एसटी और ओबीसी भाई-बहनों के साथ दशकों तक भेदभाव करने वाली कांग्रेस आजकल एक पुराना रिकॉर्ड बजा रही है। जब भी चुनाव आता है, संविधान के नाम पर झूठ बोलना इंडी अलायंस के सभी दलों का फैशन बन गया है। उन्होंने कहा, वो कांग्रेस, जिसने बाबा साहब के जीते-जी उन्हें चुनाव हरवाया, उन्हें भारत रत्न नहीं मिलने दिया, जिसने देश में आपातकाल लगाकर संविधान को खत्म करने की कोशिश की। आज वो मोदी को गाली देने के लिए संविधान के नाम पर झूठ की आड़ ले रही है।
मोदी ने पहली बार संविधान दिवस मनाना शुरू किया
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ये मोदी ही है, जिसने देश में पहली बार संविधान दिवस मनाना शुरू किया। मोदी ने ही बाबा साहब से जुड़े पंच-तीर्थों का विकास किया। इसलिए, बाबा साहब और संविधान का अपमान करने वाले कांग्रेस और INDI अलायंस के झूठों से सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने आगे कहा, कांग्रेस के मेनिफेस्टो में तो बंटवारे की गुनहगार मुस्लिम लीग की छाप है। अब इंडी अलायंस में शामिल एक और दल ने देश के खिलाफ बहुत खतरनाक ऐलान किया है, जिस पोखरण की धरती ने भारत को परमाणु शक्ति से संपन्न किया, अब इंडी अलायंस का कहना है कि हम भारत के परमाणु हथियार नष्ट कर देंगे। भारत जैसा देश, जिसके दो-दो पड़ोसियों के पास परमाणु हथियार हो, उस भारत के परमाणु हथियार इंडी अलायंस नष्ट करना चाहता है। ये कैसा गठबंधन है, जो भारत को शक्तिहीन करना चाहता है?
कांग्रेस की सोच विकास विरोधी
कांग्रेस पर हमला करते हुए पीएम ने कहा, कांग्रेस की सोच ही विकास विरोधी है। ये लोग देश के सीमावर्ती गांवों को देश का आखिरी गांव कहते हैं। ये लोग सीमावर्ती जिलों को, गांवों को जान-बूझकर विकास से वंचित रखते थे। भाजपा सरकार देश की आखिरी सीमा तक सड़कें और हाइवे बना रही है। हमने बाड़मेर में मेडिकल कॉलेज भी खोला है। आज सीमावर्ती बाड़मेर में 72,000 करोड़ रुपये लागत की रिफाइनरी शुरू होने जा रही है। आने वाले समय में इस इलाके में रोजगार के अवसर पैदा होंगे, युवाओं के लिए नए रास्ते बनेंगे। हम सीमावर्ती इलाकों को, सीमावर्ती गांवों को आखिरी गांव नहीं, देश का प्रथम गांव मानते हैं। हमारे लिए देश की सीमाएं यहां पूरी नहीं होती, हमारे लिए यहां से देश शुरू होता है। आज अगर देश में 4 करोड़ गरीबों को पीएम आवास मिले हैं, तो मेरे बाड़मेर में भी पौने 2 लाख गरीबों को पक्के आवास का लाभ मिला है।
