इलेक्शन

'The Kerala Story' का जिक्र कर कांग्रेस पर बरसे PM मोदी, बोले-इस फिल्म ने आतंकी साजिश का पर्दाफाश किया

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated May 5, 2023, 03:46 PM IST

Karnataka Assembly Election 2023 : कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा कि 'मैं यह देखकर हैरान हूं कि अपने वोट बैंक के लिए कांग्रेस ने आतंकवाद से समझौता कर लिया है। क्या इस तरह की कोई पार्टी कर्नाटक की सुरक्षा कर सकती है? आतंक के माहौल में उद्योग, आईटी, कृषि, किसानी और यहां की शानदार विरासत खत्म हो जाएगी।

Karnataka Assembly Election 2023 : कर्नाटक के बेल्लारी में शुक्रवार को चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विवादों में आई फिल्म 'The Kerala Story' का जिक्र किया। इस फिल्म का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। पीएम ने कहा कि 'लोगों का कहना है कि इस खूबसूरत राज्य के साथ जो होता है, यह फिल्म उसी पर आधारित है लेकिन कांग्रेस की तरफ देखिए। वह आतंकवादियों के साथ खड़ी है और इस फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की कोशिश कर रही है।' सिनेमाघरों में यह फिल्म आज रिलीज हुई है।

'आतंकवाद के इस ट्रेंड के साथ खड़ी है कांग्रेस'

रैली को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा, ''द केरला स्टोरी' फिल्म ने केरल में आंतकी साजिश का पर्दाफाश किया है लेकिन देश का दुर्भाग्य यह है कि कांग्रेस पार्टी आतंकवाद के इस ट्रेंड के साथ खड़े होते दिखाई दे रही है। आतंकवाद का यह ट्रेंड समाज को नष्ट कर रहा है। बात केवल इतनी नहीं है, आतंकवाद के इस ट्रेंड से जो लोग जुड़े हैं, कांग्रेस पिछले दरवाजे ऐसे लोगों के साथ राजनीतिक बातचीत कर रही है।'

महिलाओं के धर्म परिवर्तन पर आधारित है यह फिल्म

बता दें कि नवंबर 2022 में फिल्म का टीजर जारी होने के बाद से ही केरल के कई हिस्सों में इस फिल्म का विरोध हो रहा है। यह फिल्म विवादों में आ गई है। इस फिल्म में दावा किया गया है कि केरल की 32,000 महिलाओं का धर्म परिवर्तन कर उन्हें मुस्लिम बनाया गया। महिलाओं का धर्म बदलने के बाद उन्हें आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (IS) में भर्ती किया गया। सेंसर बोर्ड ने फिल्म के 10 दृश्यों को हटाते हुए इसे 'A' सर्टिफिकेट दिया है। हटाए गए दृश्यों में केरल के एक पूर्व मुख्यमंत्री का इंटरव्यू भी है।

आतंकवाद पर कार्रवाई से कांग्रेस के पेट में दर्द होता है-पीएम

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा कि 'मैं यह देखकर हैरान हूं कि अपने वोट बैंक के लिए कांग्रेस ने आतंकवाद से समझौता कर लिया है। क्या इस तरह की कोई पार्टी कर्नाटक की सुरक्षा कर सकती है? आतंक के माहौल में उद्योग, आईटी, कृषि, किसानी और यहां की शानदार विरासत खत्म हो जाएगी। कर्नाटक को देश का नंबर वन राज्य बनाने के लिए यहां सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की सबसे ज्यादा जरूरत है। जरूरी है कि यह आतंकवाद के साए से मुक्त रहे। आतंकवाद के खिलाफ भाजपा का रवैया हमेशा सख्त रहा है लेकिन आतंकवाद पर जब भी सख्ती होती है तो कांग्रेस के पेट में दर्द होने लगता है।'

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article