इलेक्शन

'TMC ने बंगाल को बनाया पलायन का केंद्र', ममता सरकार पर बरसे PM मोदी, बोले- सभी अत्याचारों का लिया जाएगा हिसाब

West Bengal Assembly Election 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कूचबिहार में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी सरकार पर जमकर निशाना साधा।

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कूचबिहार में जनसभा को किया संबोधित (फोटो साभार: @BJP4India)

Photo : Twitter

West Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और मुख्य विपक्षी भाजपा जमकर चुनावी रैलियां कर रही हैं। इस कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कूचबिहार में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कूचबिहार में उमड़ी भारी भीड़ ने साबित कर दिया कि बंगाल में टीएमसी का समय समाप्त हो गया है।

पीएम मोदी ने कहा कि कुछ दिन पहले राजधानी कोलकाता के ब्रिगेड ग्राउंड से मैंने बंगाल में परिवर्तन महाअभियान की शुरुआत की थी। ब्रिगेड ग्राउंड की वो ऐतिहासिक तस्वीरें, जनसैलाब और वो उत्साह, जनता का जूनून... तब से पूरे टीएमसी सिंडिकेट घबराया हुआ है। और आज मैं देख रहा हूं ब्रिगेड ग्राउंड में जो बिगुल बजा, कूचबिहार ने उस पर मुहर लगा दी है।

TMC पर जमकर बरसे PM मोदी

उन्होंने कहा कि एक ओर टीएमसी का भय है, और इसका मुकाबला करने के लिए आपके पास भाजपा का भरोसा है। एक ओर टीएमसी के कटमनी और करप्शन का भय है, दूसरी ओर विकास को तेज रफ्तार देने वाली भाजपा का भरोसा है। एक ओर घुसपैठ कराकर, विदेशियों को यहां बसाने का भय है, दूसरी ओर घुसपैठ रोककर सारे घुसपैठियों को बंगाल से बाहर करने का भाजपा का भरोसा है।

'4 मई के बाद न्याय होकर रहेगा'

पीएम मोदी ने कहा कि एक ओर संदेश खाली जैसी बहनों की चीखें और बेटियों पर होता निर्मम अत्याचार है, दूसरी ओर नारीशक्ति को सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण की मोदी की गारंटी है। मैं आपको भरोसा देता हूं कि इस बार चुनाव के बाद इनके पापों का पूरा हिसाब किया जाएगा। चुन-चुन कर हिसाब किया जाएगा। 4 मई के बाद कानून अपना काम करेगा। चाहे कोई बड़े से बड़ा गुंडा क्यों न हो, इस बार न्याय होकर रहेगा।

उन्होंने कहा कि यहां की निर्मम सरकार बंगाल की इस पावन माटी पर हर रोज लोकतंत्र को लहुलूहान कर रही है। ये निर्मम सरकार अपने आगे किसी संवैधानिक संस्था को कुछ भी नहीं समझती। दो-तीन पहले पूरे देश ने देखा है कि कैसे मालदा में न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाकर रखा गया।

'TMC ने बंगाल को बनाया पलायन का केंद्र'

पीएम मोदी ने कहा कि टीएमसी बंगाल में कानून-व्यवस्था का जनाजा निकालने पर तुली है। टीएमसी ने बंगाल को पीछे धकेल दिया है। पहले बंगाल में लोग रोजगार के लिए आते थे। निर्मम सरकार ने उसी बंगाल को पलायन का केंद्र बन दिया है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ता author

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स ... और देखें

End of Article