इलेक्शन

‘बंगाल में बदलाव तय, 4 मई के बाद TMC के गुंडों को कोई नहीं बचा पाएगा’, कोलकाता रैली में बोले पीएम मोदी

PM Modi Rally: पश्चिम बंगाल चुनाव के दूसरे चरण से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता के दमदम में बड़ी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान प्रधानंत्री ने टीएमसी और ममता बनर्जी को घेरा।

Image

बंगाल में परिवर्तन की लहर-कोलकाता में बोले पीएम मोदी (Photo: X/@BJP4India)

PM Modi Rally: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता के दमदम में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। अपने भाषण में उन्होंने बंगाल (Bengal Chunav 2026) को क्रांति और वीरों की धरती बताया और कहा कि यहां के लोगों ने हमेशा बदलाव और साहस की पहचान बनाई है। पीएम मोदी ने दावा किया कि पहले चरण के मतदान के बाद जनता का रुझान साफ दिख रहा है और बदलाव की लहर और मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि पहले चरण में मिले समर्थन ने बीजेपी के पक्ष में मजबूत संकेत दिए हैं और आगे के चरणों में भी यही रुझान जारी रहेगा।

अपने संबोधन में उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में लंबे समय से लोकतंत्र कमजोर हुआ है और लोगों को दबाव का सामना करना पड़ा है। लेकिन अब जनता बदलाव चाहती है और विकास की राजनीति को आगे बढ़ाना चाहती है। पीएम ने यह भी कहा कि चुनाव के बाद स्थिति बदलने वाली है और किसी भी तरह की हिंसा या डर का माहौल नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पूरी ताकत के साथ जनता के बीच जाएं और लोकतंत्र को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि बंगाल में बदलाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और लोग अब नई दिशा की ओर बढ़ रहे हैं। दूसरे चरण के मतदान में जनता को और अधिक सक्रिय होकर भाग लेना चाहिए ताकि विकास और स्थिरता की सरकार बन सके।

बंगाल में मध्यम वर्ग के हितों को मिलेगी प्राथमिकता-पीएम मोदी

पश्चिम बंगाल में चुनावी प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि मध्यम वर्ग, महिलाओं और राज्य के विकास को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले की सरकारों के समय देश में टैक्स का बोझ बहुत अधिक था, लेकिन भाजपा सरकार ने स्थिति बदल दी है। अब अधिकांश आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी कम कर दिया गया है या समाप्त कर दिया गया है, जिससे आम लोगों को राहत मिली है। पीएम मोदी ने कहा कि यदि बंगाल में भाजपा की सरकार बनती है, तो यहां भी मध्यम वर्ग के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी और उनके जीवन को आसान बनाने के लिए कई कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि पिछले 11 वर्षों में केंद्र सरकार ने टैक्स प्रणाली को सरल बनाकर लोगों को बड़ी राहत दी है।

भ्रष्टाचार, सिंडिकेट और अन्याय के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई-प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री ने महिलाओं को लेकर भी विशेष बात कही। उन्होंने कहा कि भाजपा हर बहन-बेटी की सुरक्षा, सम्मान और समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य में भाजपा सरकार बनने पर महिलाओं के जीवन में सुधार लाने, मुफ्त राशन जैसी योजनाओं को और मजबूत करने और उन्हें आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा देने की बात कही गई। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि किसी भी तरह के भ्रष्टाचार, सिंडिकेट और अन्याय के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि 4 मई के बाद अगर भाजपा की सरकार बनती है तो हर गड़बड़ी की जांच होगी और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। अपने संबोधन में उन्होंने बंगाल की जनता से अपील की कि वे बदलाव के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि यह समय राज्य में नई शुरुआत का है, जहां युवा, महिलाएं और आम नागरिक एक बेहतर भविष्य की ओर बढ़ सकते हैं। प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में बदलाव, विकास और सुरक्षा को मुख्य मुद्दा बताया और जनता से समर्थन की अपील की।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article