Bihar Election Result 2025 Live: दो चरणों में हुए बिहार विधानसभा चुनाव के बाद शुक्रवार 14 नवंबर को मतगणना हुई। बिहार में 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान हुआ और सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हुई। बिहार में भाजपा और JDU के नेतृत्व वाले NDA गठबंधन को प्रचंड बहुमत मिला, जबकि महागठबंधन काफी पीछे छूट गया। NDA को 202 और महागठबंधन को 35 सीटों पर जीत मिली। सबसे चौंकाने वाला रिजल्ट जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर के लिए रहा। क्योंकि वह अपनी पार्टी एक भी सीट पर जीत नहीं दिला पाए।
बिहार विधानसभा चुनावों से पहले प्रशांत किशोर ने पूरे बिहार की यात्रा की। उन्होंने जगह-जगह जाकर राजनीतिक रैलियां कीं। इस दौरान उन्होंने न सिर्फ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनके NDA गठबंधन के खिलाफ आवाज उठाई बल्कि तेजस्वी यादव और महागठबंधन पर भी खूब हमले बोले। उनकी जनसभाओं में जुटने वाली भीड़ को देखकर लग रहा था कि इस बार वह बिहार में NDA और महागठबंधन के बाद तीसरा विकल्प बनकर उभर सकते हैं। लेकिन मतगणना के शुरुआती रुझानों से ही जन सुराज पार्टी को कोई खास बढ़त नहीं दिख रही थी और अंतत: पार्टी को किसी सीट पर जीत नहीं मिली। इस तरह से कहा जा सकता है कि पीके का जादू बिहार में नहीं चला।
ज्ञात हो कि यह वही प्रशांत किशोर हैं, जिन्होंने 2014 में भाजपा के लिए कैंपेन तैयार किया था। उन्होंने ही 'अब की बार, मोदी सरकार' का नारा देकर भाजपा के पक्ष में पूरे देश में लहर पैदा की थी। इसके अलावा उन्होंने पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस और बिहार में महागठबंधन के लिए भी सफलतापूर्वक अभियान चलाया था। कहा जाने लगा था कि प्रशांत किशोर के जादू से तमाम पार्टियां जीत रही हैं, लेकिन वही प्रशांत किशोर का जादू अपनी पार्टी के लिए नहीं चला।
